जेब कतरे को रिहा कराने की ज़िद में धरने पर बैठे बीजेपी विधायक
हरदोई के संडीला इलाके से बीजेपी विधायक राजकुमार अग्रवाल उर्फ़ राजिया अपनी ही सरकार में संडीला कोतवाली में धरने पर बैठ गए। उन्होंने दारोगा पर धन उगाही और निर्दोष नागरिकों के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। बताते हैं कि विधायक जी अपने किसी समर्थक को पुलिस की हिरासत से छुड़ाने के लिए थाने गए थे, लेकिन कोतवाल ने आरोपी को जेबकतरा बताते हुए उसे छोड़ने से इंकार कर दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी महेश बस में जेब काट रहा था और लोगों ने उसे रंगे हाथों पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था, लेकिन विधायक जी उसे बेक़सूर बता रहे हैं और पुलिस पर जबरन दबाव डालकर उसे छोड़े जाने की मांग कर रहे हैं। बुधवार देर शाम से संडीला कोतवाली के बाहर भारी भीड़ जमा है, जो आधी रात हो जाने के बावजूद कम नहीं हुई है, हालाँकि बीजेपी जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री भी मामले को सुलझाने का प्रयास किया।
लेकिन विधायक ने कोतवाल को हटाए जाने और उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने तक अन्न जल त्यागकर वहीं बैठने का एलान कर दिया है। विधायक राजकुमार अग्रवाल का आरोप है कि संडीला कोतवाल न तो किसी की बात सुनते हैं और न ही फोन ही उठाते हैं। विधायक के कोतवाली के बाहर धरने पर बैठने से भीड़ जमा हो गई और विधायक ने कोतवाल पर कार्रवाई न होने तक अन्न जल त्याग तक धरने पर बैठे रहने का ऐलान कर दिया हैं।
रात करीब 7 बजे से कोतवाली के अंदर ही सैकड़ों समर्थकों के साथ उनका धरना अभी भी चल रहा है लेकिन कोई भी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी या प्रशासनिक अधिकारी अभी मौके पर नहीं पहुंचे हैं फिलहाल पूरे मामले में सरकार और पुलिस दोनों की किरकिरी होती जरूर नजर आ रही है। मनाने पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष भी बैरंग लौट गए। हालांकि पार्टी ने विधायक के इस धरने से अपने आप को अलग कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications