Shamli News: ‘औरंगजेब की आत्मा से प्रभावित, पाकिस्तान चले जाएं…’ - बीजेपी नेता ने सपा सांसद पर साधा निशाना
Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेता विनीत अग्रवाल शारदा का एक बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की है कि ईद के मौके पर हनुमान चालीसा और दुर्गा शक्ति का पाठ करें। ऐसा करने से गंगा-जमुनी तहजीब को बढ़ावा मिलेगा और समाज में सौहार्द बना रहेगा।
विनीत शारदा बीजेपी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हैं और व्यापारियों की समस्याएं सुनने के लिए शामली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सपा सांसद रामजीलाल सुमन पर निशाना साधा और उन्हें औरंगजेब की विचारधारा से प्रभावित बताया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें भारत की संस्कृति से दिक्कत है तो वे पाकिस्तान चले जाएं।

बीजेपी नेता ने कैराना की सपा सांसद इकरा हसन को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को अब बाबर और मोहम्मद गौरी की मानसिकता से बाहर आना चाहिए। साथ ही, ईद के दिन दुर्गा चालीसा का पाठ करके एकता का संदेश देना चाहिए, इससे भाईचारा मजबूत होगा और भगवान उन्हें सद्बुद्धि देंगे।
व्यापारियों को दिया भरोसा
विनीत शारदा शामली में व्यापारियों से मिलने पहुंचे थे, जहां उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की परेशानियों को वे खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाएंगे।
बीजेपी नेता ने भरोसा दिलाया कि योगी सरकार में किसी भी व्यापारी को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रही है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है।
सपा और कांग्रेस पर गंभीर आरोप
अपने बयान में विनीत शारदा ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों में बाबर और औरंगजेब की आत्माएं बसती हैं और मुस्लिम समाज को इनके बहकावे में नहीं आना चाहिए।
उन्होंने बीजेपी की धर्मनिरपेक्षता को रेखांकित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में अब्दुल कलाम को राष्ट्रपति बनाया गया था। यह उदाहरण उन्होंने बीजेपी की नीतियों को सही ठहराने के लिए दिया।
बीजेपी नेता ने ईद और नवरात्रि को राष्ट्रीय एकता के प्रतीक के रूप में देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार ईद और नवरात्रि एक साथ आ रहे हैं, जो सांस्कृतिक सौहार्द बढ़ाने का बेहतरीन मौका है। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि वे मस्जिदों में हनुमान चालीसा का पाठ करें, ताकि देश में एकता और भाईचारा बढ़े।












Click it and Unblock the Notifications