मुलायम के प्रधानमंत्री बनने के ख्वाब पूरे नहीं होंगे: कुसुम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ महिला नेता एवं राज्यसभा सांसद कुसुम राय ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका प्रधानमंत्री बनने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। राय ने यह भी कहा कि देशभर में जिस तरह से गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की लहर चल रही है, उससे मुलायम घबरा गए हैं और इसी वजह से एक वर्ग विशेष के मत पाने के लालच में अखिलेश यादव सरकार सूबे में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का कुचक्र रच रही है।
राय ने राज्य की सत्ताधारी सपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि जिस तरह से मुजफ्फरनगर में हुई घटना के दौरान एक वर्ग विशेष के खिलाफ कार्रवाई की गई, उसका जवाब वहां की जनता आम चुनाव में देगी। राय ने बातचीत करते हुए अन्य मुद्दों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर हिंसा राज्य सरकार की विफलता की कहानी खुद बयां कर रही है। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। चुनाव की आहट सुनकर मुलायम सुनियोजित तरीके से पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक वर्ग विशेष के ध्रुवीकरण की साजिश रच रहे हैं लेकिन जनता उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।

राय ने कहा कि आखिर सिर्फ भाजपा विधायकों की गिरफ्तारी को लेकर ही अखिलेश सरकार इतनी क्यों बेचैन है। अन्य दलों के जिन नेताओं और विधायकों के नाम सामने आए हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत अखिलेश क्यों नहीं दिखाते। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक नूर सलीम और सांसद कादिर राणा को सपा सरकार क्यों नहीं गिरफ्तार कर रही है। उन्हें इस बात का आभास है कि मुस्लिम नेताओं की गिरफ्तारी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छा संदेश नहीं जाएगा।
सपा के मुस्लिम तुष्टीकरण का ही परिणाम है कि वह लगातार एक वर्ग विशेष को नजरअंदाज कर दूसरे समुदाय को खुश करने में जुटी हुई है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि एक तरफ तो कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को मुजफ्फरनगर जाने की इजाजत दी जाती है, वहीं दूसरी ओर भाजपा के नेताओं को वहां जाने से रोका जा रहा है। इसका खामियाजा सपा को आने वाले आम चुनाव में भुगतना ही पड़ेगा और मुलायम के प्रधानमंत्री बनने का ख्वाब कभी भी पूरा नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications