PM के आने से पहले CM योगी ने की समीक्षा बैठक, कहा- विकास के नए आयाम स्थापित करेगा बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे
लखनऊ, 11 जुलाई : उत्तर प्रदेश को जल्द ही बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे की सौगात मिलने वाली है। पीएम मोदी 16 जुलाई को जालौन आएंगे। इस हाइप्रोफाइल कार्यक्रम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जालौन के कैथेरी पहुंचकर एक्सप्रेस वे की तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर तमाम आला अफसर मौजूद थे। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को भव्य और दिव्य बनाने की पूरी कोशिश की जाए क्योंकि यह एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड के विकास के लिए नया आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का पिछड़ा इलाका माने जाने वाले बुंदेलखंड को यह एकसप्रेस वे बड़ी गति देने वाला साबित होगा।

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे कई आला अफसर
सीएम योगी करीब दो बजे कैथेरी पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पीएम के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा पर ही मीटिंग हाल में बैठक की। यह एक्सप्रेस वे पांच जिलों चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन से होकर औरैया और इटावा जिले में कुदरैल के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस से जुड़ा है। इसकी शुरूआत के बाद चित्रकूट से दिल्ली का सफर काफी आसान हो जाएगा। यह दूरी महज 6 घंटे में ही तय की जा सकेगी। ऐसा माना जा रहा है कि एक्सप्रेस वे से कानुपर और उसके आसपास के अन्य नगरों के विकास को एक बड़ी उड़ान मिलेगी।

समय सीमा से पहले ही हुआ एक्सप्रेस वे का निर्माण
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बुंदेलखंड के विकास की धुरी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री ने फरवरी 2020 में इस एक्सप्रेस वे की आधारशिला रखी थी, मार्च 2020 में कोरोना आने के बावजूद उत्तर प्रदेश सरकार ने समय सीमा के पहले ही इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर लिया है, यह लगभग 300 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेस वे है। यह एक्सप्रेस वे 14 जुलाई को पूरा तैयार हो जाएगा।

16 जुलाई को पीएम करेंगे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का उदघाटन
योगी ने कहा कि 16 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश के लिए इस एक्सप्रेस वे का शुभारंभ करेंगे, इस एक्सप्रेसवे से जालौन, हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, बांदा जनपद में इंडस्ट्रियल क्लस्टर भी विकसित होंगे। चित्रकूट से दिल्ली की दूरी कम होगी। उन्होंने कहा कि डिफेंस प्रोडक्शन कोरिडोर आदरणीय प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजना है, उसके दो महत्वपूर्ण जिले चित्रकूट और झांसी बुंदेलखंड में आते हैं।

कार्यक्रम को भव्य और दिव्य बनाने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेस वे बुंदेलखंड के विकास की आधारशिला तो बनेगी ही विकास के अभियान के साथ-साथ देश की राजधानी से जोड़ने दिल्ली एक्सप्रेस वे को आगरा एक्सप्रेस वे से जोड़कर और भी आसान बनाने का काम होगा। 16 जुलाई को प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे जिसको भव्य और दिव्य बनाने के लिए आज अधिकारियों को निर्देश दिए हैं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की है। जिससे इस कार्यक्रम को भव्य और दिव्य बनाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications