लखनऊ समीक्षा बैठक: 2024 से पहले कैडर को मजबूत करने की कवायद, मायावती ने दिया नया नारा.." वोट हमारा-राज तुम्हार
यूपी की पूर्व सीएम और बसपा की अध्यक्ष मायावती ने गुरुवार को समीक्षा बैठक में बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। मायावती ने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में जीत सरकारी मशीनरी का कमाल है न कि बीजेपी का।

BSP Mayawati: उत्तर प्रदेश में हुए निकाय चुनाव में करारी हार झेलने वाली बहुजन समाज पार्टी (BSP) की मुखिया मायावती ने गुरुवार को सभी 75 जिलों के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में मायावती ने पदाधिकारियों से निकाय चुनाव में मिली हार के बारे में विचार विमर्श किया और फीडबैक लिया। इस दौरान मायावती ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर निकाय चुनाव में जीत हासिल की गई है। सरकार की नीतियों के खिलाफ एक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वोट हमारा-राज तुम्हारा नहीं चलेगा।
गुरुवार को लखनऊ में हुई समीक्षा बैठक
बसपा सुप्रीमो मायावती ने निकाय चुनाव में हार की समीक्षा के लिए गुरुवार को लखनऊ में एक बैठक बुलाई थी। इस बैठक को संबोधित करते हुए मायावती ने यह बातें कहीं। मायावती ने कहा कि निकाय चुनाव में जीत बीजेपी की नहीं बल्कि सरकारी मशीनरी की जीत है। सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग और दमनकारी व्यवहार अति चिंताजनक और गंभीर बात एंव चिंताजनक है।
मायावती ने बीजेपी पर बोला हमला
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि आम जनता महंगाई, गरीबी और सरकार की गलत नीतियों से पूरी तरह से त्रस्त है। सरकार की दमनकारी नीतियों को लेकर एक अभियान चलाने की जरूरत है। यह अभियान 2024 से पहले गांव-गांव जाकर चलाया जाएगा। हालांकि इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने संगठन के सभी छोटे बड़े पदाधिकारियों से फीडबैक लिया। इस दौरान मायावती ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि बिना रुके और बिना थके अपने प्रयास में लगे रहना है। एक दिन सफलता जरूर मिलेगी।
निकाय चुनाव बीजेपी नहीं सरकारी मशीनरी की जीत
बीजेपी पर हमला बोलते हुए मायावती ने कहा कि बीजेपी चाहे जो भी दावे करे लेकिन जीतने के लिए उसने हर हथकंडे का इस्तेमाल किया है। निकाय चुनाव में पहले दिन से ही जिस तरह से आरक्षण को लेकर सवाल उठे थे उसके बाद से ही ऐसा लग रहा था कि भाजपा हर मुमकिन कोशिश कर रही है। अंत समय तक बीजेपी ने चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया लेकिन इस विपरित परिस्थितियों में भी जनता का सहयोग देने के लिए सबका धन्यवाद।
वोट हमारा-राज तुम्हारा नहीं चलेगा
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि कुल मिलाकर वोट हमारा-राज तुम्हारा नहीं चलेगा। इस प्रचलित हालात को लेकर चुनाव से पहले गांव गांव तक पहुंचने की जरूरत है। बीजेपी दूसरे दलों की तरह धन्नासेठों ओर पूंजीपतियों के इशारों पर कार्य नहीं करती है। इस लिए पार्टी की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करने की जरूरत है और इसके लिए सबको मिलकर काम करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications