अपना दल के नेता की घर के सामने गोली मारकर हत्या, कार में भरकर उठा ले गए लाश
बरेली। बरेली में अपना दल के नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं हत्यारे नेता का शव कार में डालकर ले गए और एक मैदान में ले जाकर शव को फेंक दिया। अपना दल के नेता अपने भाई के साथ एक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर वापस आ रहे थे। अपना दल के नेता की दिनदहाड़े निर्मम हत्या के बाद पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। इस मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।

अपना दल के बिथरी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष चंद्रपाल पटेल की बीती रात सोची समझी साजिश के तहत गोली मारकर हत्या कर दी गई। चंद्रपाल पटेल की हत्या की खबर लगते ही पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में पुलिस के आला अधिकारी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और हत्यारों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।
दरअसल भुता इलाके में रहने वाले चंद्रपाल पटेल बीती रात इज़्ज़तनगर इलाके के सउआ गांव में एक बर्थडे पार्टी में अपने भाई संतोष के साथ गए थे। संतोष के मुताबिक जैसे ही वो लोग घर के अंदर घुसने वाले थे तभी पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन पर हमला कर दिया। चंद्रपाल के गोली लगते ही वो लहूलुहान होकर गिर पड़े। संतोष को भी उन लोगों ने गोली मारने की कोशिश की लेकिन उसने भाग कर अपनी जान बचाई। संतोष का कहना है कि हत्यारे उनके भाई चंद्रपाल का शव कार में डालकर ले गए और सुनसान इलाके में ले जाकर फेंक दिया।
इस मामले में बरेली के एसएसपी कलानिधि नैथानी का कहना है कि देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि इज़्ज़तनगर इलाके में चंद्रपाल नाम के युवक के किसी ने गोली मारी है। तत्काल पुलिस को भेजकर चंद्रपाल को अस्पताल भेजा गया लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। चंद्रपाल के परिवार वालों ने संजय पटेल, महावीर और विक्की सहित पांच लोगों के खिलाफ इज़्ज़तनगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। एसएसपी का कहना है कि कुछ लोग हर्ष फायरिंग की बात भी कह रहे हैं। मामले की जांच करवाई जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications