UP: सीमा की तरह बंगलादेश से बच्चों संग आई 'दिलरुबा', इस बार Tiktok बना जरिया.. फिर हुआ बवाल
यूपी के नोएडा में पाकिस्तान से आई सीमा हैदर की कहानी तो लगभग सभी लोग जानते हैं। वहीं अब यूपी के ही श्रावस्ती जिले में एक बंगलादेशी युवती अपने प्रेमी से मिलने बच्चों के साथ आ गई। लेकिन यहां पहले से शादीशुदा प्रेमी की पत्नी और परिजनों के विरोध के बाद युवती वापस लौट गई।
दरअसल, यह पूरा मामला श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के भरथा रोशनगढ़ का है। यहां का रहने वाले अब्दुल करीम का बांग्लादेश के जिला व थाना राउजन चटगांव निवासी दिलरुबा शर्मी से टिकटोक के जरिये दोस्ती हुई। युवती का आरोप है कि अब्दुल करीम ने खुद को अविवाहित बताते हुए दिलरुबा से दोस्ती बढ़ाई। जबकि दिलरुबा शर्मी के पति शैफुद्दीन की कोरोना काल में मृत्यु हो गई थी।

युवती के अनुसार धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने साथ जीने-मरने की कसम खा ली। इसके बाद दिलरुबा शर्मी टूरिस्ट वीजा पर अपनी 15 वर्षीय पुत्री संजीदा, 12 वर्षीय पुत्र मोहम्मद साकिब और 7 वर्षीय पुत्र मोहम्मद रकीब के साथ 26 सितंबर को कलकत्ता पहुंची और बाद में लखनऊ आई। फिर लखनऊ से बहराइच आकर दिलरुबा दो दिन किसी होटल में रुकी। फिर शुक्रवार को भरथा रोशनगढ़ अपने प्रेमी के पास पहुंच गई।
उधर, दिलरुबा के आते ही अब्दुल करीम की पत्नी और परिजनों के होश उड़ गए। अब्दुल की पत्नी और बेटे ने इसका कड़ा विरोध किया। यहां तक की उसने अपने मायके वालों को भी बुला लिया। इसके बाद पूरा मामला एसएसबी व मल्हीपुर पुलिस तक पहुंचा। यहां पुलिस ने सबसे पहले दिलरुबा का वीजा चेक किया, जिसमे वीजा वैध पाया गया।
फिर थाने में काफी देर दोनों पक्षों के बीच बहस चली। जिसके बाद दिलरुबा ने वापस जाने का फैसला किया। दिलरुबा ने बताया कि उसे नहीं पता था कि अब्दुल करीम शदीशुदा और झूठा है। उसने कहा कि ऐसे इंसान के साथ वह अपने बच्चों संग रह कर जीवन बर्बाद नहीं करेगी। फिर दिलरुबा अपने बच्चों संग वापस लखनऊ चली गई। जहां से टिकट कंफर्म होते ही वह वापस बांग्लादेश चली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications