VIDEO: फिर से नीले हुए 'भगवा अंबेडकर', बसपा नेता ने किया पेंट
यूपी के बदायूं में प्रशासन ने टूटी हुई मूर्ति को सही कराकर भगवा रंग में रंगा तो एक बसपा नेता ने इस मूर्ति को दोबारा से नीले रंग से रंग दिया है।
नई दिल्ली। यूपी के बदायूं में डॉ. बीआर अंबेडकर की तोड़ी गई प्रतिमा को भगवा रंग में रंगने का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। प्रशासन ने टूटी हुई मूर्ति को सही कराकर भगवा रंग में रंगा तो अब एक बसपा नेता ने इस मूर्ति को दोबारा से नीले रंग से रंग दिया है। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले अज्ञात लोगों ने डॉ. अंबेडकर की इस प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। मूर्ति तोड़े जाने की घटना पर हंगामा होने पर प्रशासन ने इस मूर्ति को ठीक तो कराया लेकिन उसे भगवा रंग से रंग दिया।

मंगलवार को जब भगवा रंग में रंगी अंबेडकर मूर्ति लगाई गई तो इसपर विवाद शुरू हो गया। बसपा के स्थानीय नेता हिमेंद्र गौतम ने मूर्ति को फिर से नीले रंग से रंगवा दिया। मूर्ति को नीले रंग से रंगे जाने की खबर फैलते ही आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। पत्रकारों ने जब बसपा नेता से पूछा कि उन्होंने मूर्ति को नीले रंग से क्यों रंगा तो वो बिना कोई जवाब दिए, वहां से निकल लिए।
पहले भी हुआ है भगवा रंग पर विवाद
आपको बता दें कि सरकारी इमारतों, पुलिस थानों और यूपी राज्य हज कमेटी की इमारत को भगवा रंग से रंगे जाने की खबरों पर भी काफी विवाद हुआ था। सबसे ज्यादा विवाद उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी के भवन की बाहरी दीवारों को भगवा रंग से रंगे जाने को लेकर हुआ था। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद बैकफुट पर आई यूपी सरकार ने संबंधित अधिकारियों पर एक्शन लिया था।












Click it and Unblock the Notifications