Ayodhya: 22 जनवरी 2024 को नए मंदिर में विराजमान होंगे रामलला, पीएम मोदी को भेजा गया न्यौता
अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है,
अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। अगले साल 22 जनवरी को नए मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की योजना बनाई जा रही। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्यौता भेजा गया है। हालांकि अभी तक PMO से कोई जवाब नहीं आया है।
जानकारी के मुताबिक अभी नए मंदिर के गर्भगृह के ऊपरी भाग का निर्माण चल रहा है। इस साल अक्टूबर तक पहला तल बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद मंदिर की फिनिशिंग का काम होगा। जनवरी के पहले पखवाड़े में सारे काम पूरे करवाकर 22 जनवरी को इसके उद्घाटन की योजना है।

मंदिर निर्माण से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र निर्माण कार्य के साथ ही उद्घाटन के कार्यक्रम पर भी विचार कर रहा। अगर प्रधानमंत्री की ओर से 22 जनवरी की डेट फाइनल की जाती है, तो इसी दिन विधिवत पूजा-पाठ के साथ नए राम मंदिर का उद्घाटन हो जाएगा। वहीं उस दिन मूर्ति प्रतिष्ठा के साथ ही वास्तु पूजा से लेकर कई अन्य पूजन भी होंगे।
मूर्ति निर्माण का कार्य जारी
अभी अस्थायी मंदिर में रामलला की एक छोटी मूर्ति रखी है। उसको गर्भगृह में रखा जाएगा। ये मूर्ति विशेष आयोजनों पर बाहर निकाली जाएगी। वहीं एक स्थायी मूर्ति गर्भगृह में स्थापित की जाएगी। जिसका निर्माण कार्य जारी है।
नेपाल से आई थी शिला
कुछ महीने पहले नेपाल की गंडकी नदी से निकाली गई पवित्र शालिग्राम की दो शिलाएं अयोध्या लाई गई थीं। उस वक्त कहा जा रहा था कि इससे मूर्ति का निर्माण होगा, लेकिन कई धर्म गुरुओं ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि शालिग्राम में भगवान विष्णु का वास होता है, इसलिए उस पर हथौड़ी चलाना सही नहीं है।
वहीं ये भी कहा जा रहा कि उन शिलाओं में दरार थी, जो मूर्ति निर्माण के लिए उपयुक्त नहीं है। ऐसे में कर्नाटक और राजस्थान से लाई गई चट्टानों से तीन मूर्तियां तराशी जा रही हैं।
क्या लोकसभा चुनाव में होगा फायदा?
राम मंदिर के निर्माण को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा। राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक बीजेपी चुनाव में इस मुद्दे का फायदा जरूर उठाएगी। ऐसे में हर हाल में उसका उद्घाटन चुनाव के ऐलान से पहले हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications