सावधान! राम मंदिर के नाम पर हो रही धोखाधड़ी, फर्जी QR कोड के जरिए मांगा जा रहा है चंदा
Ram Mandir Inauguration: अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में कुछ दिन ही बचे हैं। इसी दौरान एक साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भक्तों से निर्माण के लिए दान इकट्ठा करने की आड़ में धोखाधड़ी की जा रही है। इसके लिए क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जा रहा है।
अयोध्या में राम के नाम पर हो रही इस ठगी को विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की ओर से उजागर किया गया है। संस्था ने सोशल मीडिया पर चेतावनी भी जारी की है और लोगों से इस घोटाले का शिकार न होने को कहा है।

वीएचपी के प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल साइट एक्स पर खुलासा किया कि "श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या उत्तर प्रदेश" शीर्षक से एक फर्जी सोशल मीडिया पेज बनाया गया है। क्यूआर कोड से लैस यह पेज यूजर्स से राम मंदिर निर्माण के नाम पर धन योगदान करने के लिए कहता है।
विनोद बंसल की ओर से दो अलग-अलग पोस्ट शेयर की गई है। उन्होंने श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए फर्जी तरीके से चंदा मांगने वाले 'क्यूआर' कोड के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं। उन्होंने लिखा कि, सावधान..!!, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम से फर्जी आईडी बना कर कुछ लोग पैसा ठगी का प्रयास कर रहे हैं। गृह मंत्रालय दिल्ली पुलिस और यूपी पुलिस को ऐसे लोगों के विरूद्ध अविलम्ब कार्यवाही करनी चहिए। श्रीराम तीर्थ ने इस तरह का कार्य करने के लिए किसी भी बॉडी को अधिकृत नहीं किया है।
सावधान..!!
— विनोद बंसल Vinod Bansal (@vinod_bansal) December 31, 2023
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम से फर्जी आईडी बना कर कुछ लोग पैसा ठगी का प्रयास कर रहे हैं। @HMOIndia @CPDelhi @dgpup @Uppolice को ऐसे लोगों के विरूद्ध विलम्ब कार्यवाही करनी चहिए। @ShriRamTeerth has not authorised any body to collect funds for this occasion. pic.twitter.com/YHhgTBXEKi
बीएचपी अयोध्या के एक सदस्य ने भी ठगी करने वाले से फोन पर बात की। राम मंदिर के नाम पर चंदा मांगने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर उससे कहा, "जितना हो सके उतना योगदान करें। आपका नाम और नंबर डायरी में नोट किया जाएगा। जब मंदिर पूरा हो जाएगा, तो आप सभी को अयोध्या में आमंत्रित किया जाएगा। मैं अयोध्या से बोल रहा हूं।
ठग ने बातचीत के दौरान कहा कि, आप जानते हैं कि मुस्लिम समुदाय और हिंदू समुदाय के बीच संघर्ष चल रहा है। मुस्लिम समुदाय उनके मंदिर का निर्माण नहीं होने दे रहा है, इसलिए वे अपने मंदिर के लिए धन जुटा रहे हैं। वीएचपी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि उन्हें हाल ही में राम मंदिर के नाम पर लोगों को ठगने की कोशिशों के बारे में जानकारी मिली है।
बंसल ने वीडियो संदेश में कहा कि, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने किसी को भी धन इकट्ठा करने के लिए अधिकृत नहीं किया है। मैंने गृह मंत्रालय, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और दिल्ली के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि लोग इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार न हों। लोगों को ऐसा करने की जरूरत है। लोग सावधान रहें। उन्होंने कहा कि यह खुशी का मौका है, हम निमंत्रण भेज रहे हैं। हम कोई दान स्वीकार नहीं कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications