Ayodhya Express: रेलवे ने बदला इस ट्रेन का नाम, अब कहलाएगी 'अयोध्या एक्सप्रेस'
Railway Update Ayodhya: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य जोरों पर चल रहा है। जनवरी में मंदिर के गर्भ गृह में प्रभु श्रीराम के बालक रुप की मूर्ति लगेगी। मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 24 जनवरी को होगी। इसे लेकर रेलवे भी तैयारियों में जुटा है। इसी क्रम में रेलवे ने अयोध्या से चलकर दिल्ली जाने वाली अयोध्या कैंट- दिल्ली एक्सप्रेस का नाम बदलकर अयोध्या एक्सप्रेस कर दिया है। रेलवे मुख्यालय ने पत्र जारी कर इसकी सूचना भी दे दी है। अब टिकट व ट्रेन के नाम परिवर्तन का काम किया जा रहा है।
अयोध्या कैंट होकर दिल्ली जाने वाली एक मात्र ट्रेन 14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस का नाम इससे पूर्व भी बदला जा चुका है। इस नाम से पूर्व यह ट्रेन फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस के नाम से जानी जाती थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने साल 2018 में इसका नाम बदलकर अयोध्या कैंट- दिल्ली एक्सप्रेस कर दिया था।

वाणिज्य निरीक्षण अजय सिंह ने इस ट्रेन के नाम परिवर्तन की जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे मुख्यालय ने पत्र जारी कर अयोध्या कैंट- दिल्ली एक्सप्रेस का नाम अब अयोध्या एक्सप्रेस कर दिया है। नेम प्लेट व टिकट पर नाम परिवर्तन का काम किया जा रहा है।
जनवरी में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे ने भी खास तैयारी की है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का अनुमान लगा रेलवे ने गोरखपुर से अयाेध्या के लिए दस मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया है।












Click it and Unblock the Notifications