अतीक अहमद के 21 साल के बेटे आबना की कैसे हुई मौत? पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया सच, भाई लाश देख रोया
Atiq Ahmed Son Aban Postmortem Report: झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए खौफनाक हादसे में मारे गए माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। 3 डॉक्टरों के पैनल ने रात 11:30 बजे पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी की, जिसमें मौत की बेहद दर्दनाक वजह सामने आई है।
21 साल के आबान के शरीर पर कुल 23 गंभीर चोटें मिलीं। डॉक्टरों ने साफ किया कि अंदरूनी अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे और ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी जान नहीं बच सकी।उधर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे आबान के भाई अहजम अपने छोटे भाई का शव देखते ही बेकाबू होकर फूट-फूटकर रो पड़े। वहीं पूरे परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या निकला? डॉक्टर ने क्या बताया?
झांसी मेडिकल कॉलेज में तीन डॉक्टरों के पैनल ने गुरुवार (06 अगस्त) रात करीब 11:30 बजे आबान और उसके साथी सोनू का पोस्टमार्टम किया। दैनिक भास्कर के मुताबिक पैनल में डॉ. रजनीश, डॉ. पंकज मुस्तारिया और डॉ. जिया जफर शामिल थे।
रिपोर्ट में सामने आया कि तेज टक्कर के कारण आबान के लीवर, फेफड़े और तिल्ली बुरी तरह फट गए थे। उसकी कई पसलियां भी टूट चुकी थीं। शरीर के अंदर भारी ब्लीडिंग हुई और यही उसकी मौत की सबसे बड़ी वजह बनी। डॉ. रजनीश ने कहा, "दोनों युवकों की मौत सड़क हादसे में आई गंभीर चोटों की वजह से हुई। पहले आबान और फिर सोनू का पोस्टमार्टम किया गया।"
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई एक्सीडेंट के बाद की कहानी
दुर्घटना की आवाज सुनकर सबसे पहले मौके पर पहुंचे प्रत्यक्षदर्शी दीपक यादव ने पूरी आंखोंदेखी बयां की। चश्मदीद दीपक यादव के मुताबिक, "शोर सुनकर मैं तुरंत कार के पास गया। दरवाजे जाम थे, इसलिए पास के घर से लोहे की रॉड (सब्बल) लाकर दरवाजा तोड़ा।
जैसे ही दरवाजा खोलकर युवक को बाहर निकाला, उसके मुंह में खून भरा हुआ था। उसने बस इतना कहा कि 'मेरा नाम आबान है, मुझे बचा लो' और इसके बाद वह बेहोश हो गया।" प्रयागराज से सुबह 5 बजे निकली क्रेटा कार की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा थी। जानवर को बचाने के चक्कर में गाड़ी 7 फीट हवा में उछली और उसके पुर्जे 40 फीट दूर तक बिखर गए।

पोस्टमार्टम हाउस में रो पड़ा भाई
हादसे की खबर मिलते ही अतीक का तीसरे नंबर का बेटा अहजम प्रयागराज से झांसी पहुंचा। उसने घटनास्थल का जायजा लिया, अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जाना और फिर सीधे पोस्टमार्टम हाउस गया। अपने छोटे भाई आबान का बेजान शरीर देखते ही अहजम खुद को रोक नहीं सका और बिलख-बिलख कर रोने लगा।
अहजम ने पुलिस को मामले की तहरीर भी सौंपी और भावुक होकर मांग रखी कि "अंतिम संस्कार (मिट्टी) में जेल में बंद बड़े भाइयों को शामिल होने दिया जाए।" सोनू का शव लेने सतना से पहुंचे उसके जीजा ने बताया कि सोनू दुबई में काम करता था। फिलहाल कांवड़ यात्रा के चलते काम बंद होने से वह ड्राइवर जैद और दोस्तों के साथ झांसी घूमने निकल गया था।
कार से बरामद हुआ सामान और अतीक के कुनबे की स्थिति
फॉरेंसिक जांच के दौरान क्रेटा कार से सिगरेट की डिब्बी, जूते और दो किताबें ('द इडियट' व 'द स्टेशनरी शॉप ऑफ तेहरान') मिलीं। आबान ये किताबें झांसी जेल में बंद अपने भाई अली के लिए ले जा रहा था। कार जैद चला रहा था, जो अतीक की मौसेरी बहन का दामाद है।
अतीक अहमद के 5 बेटों में से अब सिर्फ 3 बचे हैं। असद 2023 में एनकाउंटर में मारा गया था, जबकि आबान की अब हादसे में मौत हो गई। बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल और अली झांसी जेल में बंद है।
गौरतलब है कि फरवरी 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के बाद अप्रैल 2023 में अतीक और उसके भाई अशरफ की पुलिस कस्टडी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं 50 हजार की इनामी मां शाइस्ता परवीन 2023 से फरार चल रही है और उसने असद या अतीक के जनाजे की तरह आबान के अंतिम संस्कार से भी दूरी बनाए रखी है।

अब अतीक के कितने बेटे बचे?
अतीक अहमद के पांच बेटे थे। 2023 में तीसरे नंबर के बेटे असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। अब सड़क हादसे में सबसे छोटे बेटे आबान की भी जान चली गई।
फिलहाल बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में, दूसरा बेटा अली झांसी जेल में बंद है, जबकि अहजम परिवार के साथ है और पढ़ाई कर रहा है। उधर अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन अब भी फरार है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। अब सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या वह बेटे के अंतिम संस्कार में सामने आएगी या नहीं।


Click it and Unblock the Notifications
