शिवपाल-अखिलेश की तकरार पर बोले मुलायम- मुझसे गलती हुई, पार्टी टूटने नहीं दूंगा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी में छिड़ी पारिवारिक कलह पर मुलायम सिंह यादव ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है। लंबे समय से यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच चल रही तकरार पर मुलायम ने कहा कि उनसे गलती हुई है।

सपा मुखिया ने कहा, 'मैंने गलती की है। हमारे पास एक बड़ा समाजवादी परिवार है। कई बार विचारों को लेकर मतभेद होते हैं लेकिन अब सब कुछ सही हो गया है।'
'मेरे रहते पार्टी नहीं टूट सकती'
मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश यादव को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के फैसले को गलत ठहराने वाले रामगोपाल यादव के बयान को दरकिनार कर दिया। शुक्रवार को अखिलेश और शिवपाल के बीच तकरार सुलझाने पहुंचे पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं में भी नया जोश भरा। मुलायम ने कार्यकर्ताओं के बीच कहा, 'मेरे रहते पार्टी में टूट नहीं हो सकती।'
उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा, 'हमें पूर्ण बहुमत से दोबारा सत्ता में आना है। इसलिए एकजुट होकर सब अभी से काम करना शुरू कर दें।' मुलायम सिंह ने गायत्री प्रजापति को लेकर भी अपना मत साफ किया और कहा कि उनकी कैबिनेट में वापसी होगी।
मुलायम ने की शिवपाल की तारीफ
मुलायम सिंह यादव ने अपने छोटे भाई शिवपाल यादव की रणनीतिक समझ और कड़ी मेहनत की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'शिवपाल ने पार्टी के लिए बहुत कुछ किया है, लेकिन वह भी मेरे किसी फैसले को ना नहीं कर सकते। यही नहीं, अखिलेश भी मेरे फैसलों के खिलाफ नहीं जा सकते। अब समस्या कहां है? सब कुछ सुलझ गया है।'












Click it and Unblock the Notifications