अखिलेश यादव के बयान पर बोले अनुराग ठाकुर, 10 मार्च आते-आते उन्हें EVM बेवफा लगने लगेगी
लखनऊ, मार्च 08। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले आए एग्जिट पोल को देख यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव तिलमिला गए हैं और उन्होंने सीधे EVM पर ठीकरा फोड़ना शुरू कर दिया है। अखिलेश यादव की टिप्पणी पर अब सियासत शुरू हो गई है। अखिलेश यादव के बयान पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पलटवार करते हुए कहा है कि अखिलेश जी को अभी से ईवीएम में कमी नजर आने लगी है, 10 मार्च तक आते-आते उन्हें ईवीएम बेवफा लगने लगेगी।

सपा के प्रति लोग गंभीर नहीं हैं- अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने अखिलेश यादव के बयान पर बोलते हुए कहा है, "अखिलेश यादव को मतदान के दौरान ही पता चल गया था कि नतीजे क्या होंगे, वो समझ गए हैं कि लोग सपा के प्रति गंभीर नहीं हैं। सपा की पहली लिस्ट में ही जेल और जमानत वाले लोग अधिक थे। 10 मार्च को अखिलेश कहेंगे कि ईवीएम बेवफा है, लेकिन उन्होंने तो इंतजार भी नहीं किया और अभी से ईवीएम पर ठीकरा फोड़ दिया।"
समाजवादी पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी नतीजों को- ब्रजेश पाठक
अनुराग ठाकुर के अलावा यूपी के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने भी अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि मैं समाजवादी पार्टी पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता, इस तरह की प्रतिक्रिया अक्सर उनकी ओर से आती रहती है, कोई फर्क नहीं पड़ता। ब्रजेश पाठक ने कहा कि बीजेपी 10 मार्च को 300 से अधिक सीटें जीतकर यूपी में सरकार बनाने जा रही है, समाजवादी पार्टी नतीजों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
क्या कहा है अखिलेश ने?
आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया है कि सपा के कार्यकर्ता सतर्क रहें और मतगणना की प्रक्रिया पर निगरानी रखें। अखिलेश यादव ने यह सरकार अब वोट की चोरी पर उतर आई है। अखिलेश यादव का आरोप है कि मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डीएम को फोन कर रहे हैं कि जहां बीजेपी हार रही है वहां काउंटिंग स्लो करें और रात तक लेकर जाएं।












Click it and Unblock the Notifications