अनुप्रिया पटेल ने BJP के साथ गठबंधन को लेकर दिया बड़ा संकेत, जानिए क्यों कहा राजनीति संभावनाओं का खेल
लखनऊ, 11 दिसंबर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। ऐसे में छोटी-बड़ी सभी पार्टियों ने भी पांव पसारना शुरू कर दिया है। इसके तहत बीजेपी की सहयोगी अपना दल (एस) ने विधानसभा की 200 सीटों के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त किया था। अपनी चुनावी तैयारियों को अमली जामा पहनाने लखनऊ पहुंची अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने इशारों ही इशारों में बीजेपी को संकेत दे दिया कि यदि मनमुताबिक और समय से सीटों का बंटवारा नहीं हुआ तो अपना दल के रास्ते खुले हुए हैं। अनुप्रिया ने कहा कि राजनीति संभावनाओं का खेल है और वो आपको कहीं भी लेकर जा सकती है। अभी हमारा किसके साथ गठबंधन है यह तय नहीं हुआ है।

अनुप्रिया ने कहा- राजनीति संभावनाओं का खेल
अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर हमारा गठबंधन अभी भारतीय जनता पार्टी के साथ है। भविष्य में किसके साथ होगा, ये अभी नहीं बता सकती हूं। राजनीति संभावनाओं का खेल है और संभावनाएं कहीं भी ले जा सकती हैं। फिलहाल हम चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ सीटों को लेकर बातचीत अभी जारी है। इसका खुलासा अभी नहीं करेंगे।

अभी बीजेपी के साथ सीटों पर बातचीत जारी है
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर उन्होंने कहा कि वे जमकर लड़ाई करें, हम भी संघर्ष करेंगे। कितनी सीटें होंगी, इसकी घोषणा हम बाद में करेंगे। भाजपा से कितनी सीट मिलेंगी, अभी बातचीत जारी है। बाकी संख्या को लेकर कोई टिप्पणी नहीं करूंगी। विकास योजनाओं पर अखिलेश यादव के दावे को लेकर कहा कि कोई भी पार्टी शुरू करे तो विकास होगा। विकास बहुत हुआ है। हर जिले में मेडिकल कालेज बना है। विकास सतत प्रक्रिया है, जो एक दल की सरकार से दूसरे दल को जाएगी। साम्प्रदायिक आधार पर सरकार का व्यवहार कैसा रहा, इसको लेकर हम यही कहेंगे कि जनता इसका जवाब देंगी।

आगे गठबंधन किसके साथ होगा यह तय नहीं
उन्होंने कहा कि हम अपनी उपलब्धियां लेकर जनता के बीच जाएंगे। हमने दबे कुचले वर्गों की आवाज उठाई है। आगे गठबंधन किसके साथ होगा, यह तय नहीं है। काम रुकना नहीं चाहिए। मथुरा को लेकर केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और हम अपनी-अपनी विचारधारा पर चलते हैं। वो मथुरा काशी की बात करते हैं। हम जातिगत जनगणना का समर्थन करते हैं। हमारे यहां महिलाओं को आगे बढ़ाया जाता है। जहां तक सीटों का विषय है, पिछली बार 11 सीट महिलाएं जीती थीं। इस पर चर्चा जारी है। अपना दल को लेकर लोग काफी सकारात्मक हैं। हम संघर्ष का ब्यौरा लेकर जाएंगे। महंगाई बड़ा मुद्दा है।

अनुप्रिया ने 200 सीटों पर की है प्रभारियों की नियुक्ति
इससे पहले बीजेपी की सहयोगी अपना दल (एस) ने विधानसभा की 200 सीटों के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त करने का फैसला किया है। जल्द ही इस सूची को अंतिम रूप देकर जारी किया जाएगा। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से चुनावी शंखनाद करेंगी। वह जिलेवार पूरे राज्य का दौरा करेंगी और बूथवार समीक्षा करेंगी। सबसे बड़ा सवाल है कि अनुप्रिया की पार्टी अचानक इतनी सीटों पर सक्रिय क्यों हो रही है क्योंकि पिछली बार बीजेपी ने उन्हें केवल 11 सीटें ही दी थी। क्या अनुप्रिया की मंशा बीजेपी पर दबाव बनाकर पिछली बार से ज्यादा सीटें अपने पाले में लाने की है। इस सवाल का जवाब तो आने वाले समय में मिलेगा लेकिन एक बात तो तय है कि इससे बीजेपी की मुश्किलें जरूर बढ़ने वाली हैं।

2017 में अपना दल को मिली थीं 11 सीटें
पिछले विधानसभा चुनाव में 11 सीटें मिलीं थी, इस बार कितनी देगी बीजेपी ? 200 सीटों के लिए चुनाव की तैयारी क्यों? जबकि 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 11 सीटें दी थीं। इस सवाल पर अपना दल के नेता आशीष पटेल कहते हैं कि, ''संगठन को बढ़त देना हमारा काम है। ऐसे में हम 200 सीटों के लक्ष्य के साथ चल रहे हैं। जहां संगठन को चुनाव लड़ने की स्थिति में लाना होता है। अपना दल (एस) उत्तर प्रदेश की 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए जोर-शोर से तैयारी कर रहा है।''












Click it and Unblock the Notifications