सुब्रमण्यम स्वामी के बयान पर एएमयू छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा-'अपने दिमाग का इलाज करायें स्वामी'
अलीगढ़। भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनीवर्सिटी को आतंकी विचारों का अड्डा बताकर सियासी पारा चढ़ा दिया है। स्वामी के इस बयान के बाद एएमयू से तीखी प्रतिक्रिया आई है। एएमयू छात्रसंघ के अध्यक्ष ने कहा कि देश का राज्यसभा सांसद इस तरह की बात कर रहा है जो कि अफसोसजनक है। छात्रसंघ अध्यक्ष मकसूर अहमद उस्मानी ने कहा कि एएमयू राष्ट्रीय महत्व की यूनिवर्सिटी है, उसके बारे में इस तरह की बातें करना गलत है। वहीं एएमयू छात्रसंघ ने कहा कि स्वामी अपने दिमाग का इलाज अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज आकर कराये।

सलमान खुर्शीद ने एएमयू के आंबेडकर हॉल के वार्षिक समारोह में निष्कासित छात्र आमिर मिंटो के सवालों के जवाब में कहा था कि हमें मालूम है कि हमारे दामन पर खून के धब्बे हैं। सलमान खुर्शीद के इस बयान पर टिप्पणी करते हुए भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने एएमयू को आतंकी विचारों का अड्डा बता दिया था। जिस पर एएमयू में तीखी प्रतिक्रिया हो रही है। एएमयू छात्र संघ के अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी ने यूनियन हॉल में पत्रकारों से कहा कि सुब्रमण्यम स्वामी ने एएमयू को आतंकी विचारों का अड्डा बताकर देश के संविधान और राष्ट्रपति का अपमान किया है। वह माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।
कहा कि एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज का मनोचिकित्सा विभाग बहुत अच्छा है। स्वामी यहां के चिकित्सकों से उपचार करा सकते हैं। सचिव मो. फहद ने कहा कि चंद सिरफिरे लोगों के बयानों से और उनकी मानसिकता से एएमयू के इतिहास को नहीं बदला जा सकता है। अलीगढ़ आकर देखें कि कौन आतंकवादी यहां पढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे नेता जब तक देश में रहेंगे तब देश में विभाजन का काम करेंगे, 1920 और 1925 में इन्होंने यही काम किया। इन्होंने पहले भी देशविरोधी कार्य किया और आज भी ये देशविरोधी कार्य कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications