#SSCSCAM: इलाहाबाद में छात्रों ने निकाली एसएससी की शवयात्रा, खुराना की 'अर्थी' को नाले में फेंका
इलाहाबाद। कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर आंदोलनरत छात्रों ने देर रात SSC की शव यात्रा निकाली। शव यात्रा में हजारों छात्र शामिल हुए और भारी विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की बीच शव को गंदे नाले में प्रवाहित किया। छात्रों ने एसएससी के चेयरमैन असीम खुराना के विरोध में जमकर नारे लगाए और उनका प्रतीकात्मक शव बनाकर अर्थी तैयार की। जिसे कंधे पर लेकर छात्र सड़क पर निकले तो उनके साथ हजारों छात्रों की टोली निकल पड़ी। सीबीआई जांच की मांग बुलंद कर रहे छात्रों की इस शव यात्रा के दौरान बवाल की आशंका के मद्देनजर शव यात्रा को पुलिस प्रोटेक्शन भी देती रही और छात्रों को उग्र न होने के लिए समझाती बुझाती भी रही।

लगातार हो रहा है प्रदर्शन
बता दें कि इससे पहले छात्रों ने SSC के इलाहाबाद दफ्तर पर कई दिनों तक प्रदर्शन किया, तालाबंदी की, अर्धनग्न प्रदर्शन के बाद अब शव यात्रा निकालकर अपना विरोध जताया। अभ्यार्थियों का कहना था कि हम बताना चाहते हैं कि SSC में धांधली हो रही है, उसके चेयरमैन जब से असीम खुराना बने हैं धांधली चरम पर है। हम विरोध जता रहे हैं कि वह दुनिया में रहने लायक नहीं है।

प्रदर्शन अभी और उग्र होगा
छात्रों का कहना था कि उन्हें न्याय चाहिए रोजगार चाहिए और जब तक सीबीआई जांच नहीं होगी यह प्रदर्शन इसी तरह ही जारी रहेगा। अगर मांगे नहीं मानी गई तो प्रदर्शन और उग्र होगा। छात्रों ने शव को शहर के छोर पर स्थित नाले में फेंक दिया और SSC की गंदगी को नाले में फेंकने की अपील सरकार से करते हुए सीबीआई जांच की मांग की।

रोका गया ट्रैफिक
छात्रों ने जब एसएससी के चेयरमैन की शव यात्रा निकालनी शुरू की तो सड़क पर हजारों छात्र उतर आए। छात्रों की भारी भीड़ देखकर पुलिस ने पहले सड़क से ट्रैफिक रोक दिया। हालांकि देर रात होने के कारण ट्रैफिक काफी कम हो चुका था, लेकिन जिस रूट से छात्र गुजर रहे थे उस रोड पर सड़क को एक तरफ से बंद कर दिया गया ताकि छात्रों के इस प्रदर्शन यात्रा में कोई विवाद की स्थिति ना पैदा हो। प्रशासन के लगातार स्थिति को काबू में किए रहने व छात्रों के प्रति नरमी बरतने से छात्र भी काफी शांत नजर आए और उग्र प्रदर्शन के बजाय उनका ध्येय पूरी तरह से शव यात्रा पर ही केंद्रित रहा और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध करते हुए उन्होंने अपना विरोध जताया।












Click it and Unblock the Notifications