फूलपुर bypoll: भाजपा ने घोषित नहीं किया प्रत्याशी, चार 'बागी' खरीद लाए पर्चा
इलाहाबाद। इलाहाबाद के फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब दावेदारों के बीच रार की स्थिति पैदा होनी शुरू हो गई है। भाजपा के 4 बड़े नेताओं ने नामांकन पत्र ले लिया है और अपनी दावेदारी ठोक दी है। यह दावेदारी संगठन के नियमों के विपरीत है और बिना प्रत्याशी बनाए गए नेताओं ने नामांकन पत्र लिया है। विधानसभा चुनाव में इसी तरीके से कई भाजपा नेताओं ने नामांकन पत्र हासिल किया था और अपनी पार्टी के खिलाफ ही बगावत कर दी थी।

प्रत्याशी घोषित ना होने पर बजने लगा बगावत के सुर
कुछ ऐसा ही ही माहौल एक बार फिर से बनने लगा है और उसका कारण साफ है प्रत्याशी की घोषणा ना होना। बगावत से भाजपा को निश्चित तौर पर नुकसान होगा और जितना देर प्रत्याशी की घोषणा में होगी संभावना है कि बागी नेताओं के सामने आने का क्रम जारी रहेगा। भाजपा की ओर से डॉ अखिलेश द्विवेदी, विक्रम सिंह, राकेश कुमार तिवारी और ब्लॉक प्रमुख कुलदीप पांडे ने नामांकन के लिए भाजपा के नाम पर प्रपत्र हासिल किया है। अब इससे एक बात तो साफ हो गई है कि जितनी देरी भाजपा प्रत्याशियों को घोषित करने में लगाएगी उसके दावेदारों के बीच आपसी मनमुटाव भी शुरू हो जाएगा।

पहले दिन हुआ सिर्फ एक नामांकन
फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई तो राष्ट्रीय अपना दल की जय सिंह यादव ने पर्चा भर दिया है और उनकी पत्नी पूजा भी नामांकन पत्र ले गई है । पहले दिन कुल 18 लोगों ने पहले दिन नामांकन पत्र हासिल किया है और अब इसकी संख्या और भी बढ़नी तय मानी जा रही है। किसी भी बड़े दल ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है ऐसे में आज फिर से नामांकन प्रक्रिया के दौरान गहमागहमी नजर नहीं आएगी। यह प्रशासन के लिए अभी राहत की खबर जरूर है, लेकिन बड़े दलों के प्रत्याशी की घोषणा के बाद अचानक से माहौल गर्म हो जाएगा और उस वक्त पुलिस प्रशासन के सामने असली चुनौती होगी।

दूसरे दिन भी नहीं घोषित हुए प्रत्याशी
संभावनाओं के अनुसार दूसरे दिन भी किसी भी बड़े दल ने अपने पत्ते नहीं खोले। नामांकन प्रक्रिया का आज दूसरा दिन है लेकिन किसी भी बड़े दल का प्रत्याशी घोषित ना होने के कारण उनका नामांकन नहीं हो सकेगा। भाजपा के ऊपर टिकी विपक्षी दलों की निगाहें वह संभावनाएं तलाश रही है जिससे भाजपा को पटखनी दी जा सके। फिलहाल अब अगले 2 से 3 दिन में हर दल अपनी स्थिति को साफ कर देगा और प्रत्याशियों की घोषणा कर देगा। केशव मौर्य इलाहाबाद आए हुए हैं ऐसे में भाजपा के प्रत्याशी की घोषणा जल्द ही हो सकती हैं। फिलहाल टिकट के दावेदार अधिक है और उनकी गुणा-गणित के आगे संगठन भी फैसला ही नहीं ले पा रहा कि आखिर टिकट किसे दिया जाए। भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा चारों दल में टिकट के कई बड़े दावेदार हैं और उनके नामों की चर्चा भी जोर शोर पर है।












Click it and Unblock the Notifications