कैबिनेट मंत्री नंदी ने अपने ड्राइवर को पीटा, यूनियन बोली- नहीं चलने देंगे गाड़ी
इलाहाबाद। लगातार विभिन्न मामलों को लेकर चर्चा में रहने वाले योगी कैबिनेट के कद्दावर मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी एक बार फिर से चर्चा में हैं और इस बार अपने ड्राइवर को लेकर उपजे विवाद से बुरी तरह गिर गए हैं। दरअसल, इलाहाबाद के रहने वाले व योगी कैबिनेट के मंत्री नंद गोपाल नंदी गुप्ता पर अपने ड्राइवर को मारने पीटने का आरोप लगा है। इससे नाराज ड्राइवर यूनियन मंत्री नंदी के विरोध में उतर आई है और मंत्री के घर का घेराव कर कार्रवाई की मांग की

विरोध में उतरी ड्राइवर यूनियन
घटना सोमवार की शाम की है, मंत्री के वाहन चालक अर्जुन ने मारपीट व अभद्रता का आरोप लगाया है। जिसके बाद ड्राइवर संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहा है। हालांकि मंत्री नंदी मारपीट व इस तरह की घटना से साफ इंकार कर रहे हैं, लेकिन ड्राइवर यूनियन के प्रदर्शन से कहानी में ट्विस्ट आ गया है। आज इस मामले में ड्राइवर यूनियन कार्रवाई के लिए आगे का कदम उठाएगा। फिलहाल नाराज राज्य सम्पत्ति विभाग चालक संघ ने नंदी की गाड़ी चलाने से इनकार कर दिया है और कहा है कि मंत्री पर कार्रवाई नहीं हुई तो संघ आंदोलन करेगा।

क्या है आरोप
मंत्री नंदी के ड्राईवर अर्जुन का आरोप है कि सोमवार की शाम मंत्री ने उसे सरकारी गाड़ी से इलाहाबाद चलने को कहा तो उसने इलाहाबाद चलने से इनकार कर दिया और आचार संहिता का हवाला दिया। इस पर मंत्री जी भड़क गए और अभद्रता के साथ उसे पीटने लगे। अर्जुन भागकर राज्य संपत्ति विभाग के कार्यालय पहुंचा और मोटर चालक संघ के अध्यक्ष सतीश शर्मा से घटनाक्रम बताया। ड्राइवर अर्जुन की पिटाई से नाराज यूनियन के लोगों ने नारेबाजी करते हुये मंत्री नंदी के आवास का घेराव किया, लेकिन नंदी नहीं मिले। ड्राइवर संघ ने इस मामले में कार्रवाई ना होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

क्या कह रहे हैं मंत्री
इस बाबत मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने बताया कि चालक अर्जुन के सभी आरोप बेबुनियाद और वह झूठ बोल रहा है। अवैध वसूली मामले में उस पर जांच व कार्रवाई के लिए अफसरों को पत्र लिखा गया था। इससे नाराज अर्जुन अब बेबुनियाद आरोप लगाकर बखेड़ा खडा कर रहा है। मंत्री नंदी के अनुसार अर्जुन के अवैध वसूली की शिकायत बार-बार आ रही थी, जिसके बाद उसे हटाने व जांच के लिये निर्देश दिया गया है। अब अर्जुन बचने के लिए यूनियनबाजी की धमकी देकर यह सारा नाटक कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications