वाट्सएप मैसेज से AMU प्रोफेसर ने 23 साल बाद बीवी को दिया तीन तलाक का जख्म
अलीगढ़। यूपी में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के चेयरमैन प्रोफ़ेसर खालिद बिन युसूफ खान ने अपनी पत्नी यास्मीन खालिद को निकाह के 23 साल बाद ट्रिपल तलाक का जख्म दिया है। प्रोफेसर ने पहले वाट्सएप फिर टेक्स्ट मैसेज और उसके बाद सामने से तीन बार तलाक तलाक तलाक कहा और अपनी एक बेटी के साथ अलग अपार्टमेंट में रह रहे हैं। तीन तलाक के बाद पत्नी यास्मीन का रो-रोकर बुरा हाल है व अपने बच्चों के लिए न्याय की भीख मांग रही है। वो पीएम मोदी और सीएम योगी दोनों से अपील कर रही हैं कि ट्रिपल तलाक ख़त्म होना चाहिए। यास्मीन एवं प्रोफ़ेसर खालिद के दो बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी और एक बेटा यास्मीन के साथ रह रहे हैं। दोनों बेटियां ईला एवं इब्रा इंडिया गॉट टैलेंट की सेमी फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं। प्रोफ़ेसर खालिद से मोबाइल से संपर्क हुआ तो उन्होंने खुद को लखनऊ में बताया लेकिन उनके फ्लैट के बाहर टिफिन गवाही दे रहा है कि वो मीडिया से छुपते घूम रहे हैं।

मैट्रिमोनियल साइट के जरिए 1995 में शादी
आजमगढ़ के रहने वाले प्रोफ़ेसर खालिद का निकाह कश्मीर के श्रीनगर की रहने वाली यास्मीन अख्तर के साथ 21 जनवरी 1995 मैट्रिमोनियल साइट के जरिये अलीगढ़ की मेडिकल कॉलोनी में हुआ था। प्रोफ़ेसर खालिद थोड़ा लंगड़ा कर चलते हैं। निकाह के कई साल तक दोनों के बीच मधुर सम्बन्ध रहे। यास्मीन सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष भी हैं। दोनों बेटियां बीटेक व बेटा बारहवीं की पढ़ाई कर रहे हैं।

पत्नी ने लगाए प्रोफेसर पर गंभीर आरोप
यास्मीन के अनुसार, उनके पति प्रोफ़ेसर खालिद दिलफेंक किस्म के इंसान हैं। डिपार्टमेंट में आने वाली लड़कियों के साथ उनके चर्चे आमतौर पर रहते हैं। छात्राओं के साथ खाना खाना ,घूमना इत्यादि उनके शौक हैं। सितम्बर में उनकी इसी आदत की किसी ने एक पत्र के जरिये शिकायत एएमयू प्रशासन को कर दी। प्रोफेसर खालिद को शक हुआ कि शिकायत उनकी पत्नी यास्मीन ने की है। बस वही पत्र दोनों के बीच तलाक का कारण बना। काफी दिनों तक घर में क्लेश रहा।

वाट्सएप के जरिए भेजा तीन तलाक का मैसेज
प्रोफ़ेसर खालिद अपनी एक बेटी ईला के साथ अलग जहूर अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर जी वन में रहने लगे। 30 सितम्बर को प्रोफेसर खालिद ने अपनी पत्नी को पहले वाट्सएप पर तलाक भेजा। उसके बाद 30 अक्टूबर को टेक्स्ट मैसेज के जरिये तलाक भेजा। उनकी इस हरकत पर यास्मीन ने उनसे काफी कहा कि उसने कोई शिकायत नहीं की है लेकिन खालिद नहीं माने और उन्होंने दिनांक 8 नवम्बर को जब यास्मीन उनके फ्लैट पर गई तो उन्होंने सामने कहा तलाक तलाक तलाक। यास्मीन अब अपने लिए इंसाफ मांग रही है।

प्रोफेसर खालिद गायब!
यास्मीन की बेटी इब्रा ने बताया कि पापा और मां के बीच कुछ समय से लड़ाई रहने लगी थी। पापा, मम्मी को मारते भी थे। मम्मी ने कई बार कहा कि वो खत उन्होंने नहीं लिखा है फिर भी पापा नहीं माने और उन्होंने मम्मी को तीन तलाक दे दिया। हमने जब प्रोफ़ेसर खालिद से संपर्क करने की कोशिश की तो वो हमको फ्लैट में नहीं मिले। फ्लैट के बाहर टिफिन जरूर रखा मिला, उन्होंने कहा कि लखनऊ में हैं।












Click it and Unblock the Notifications