VIDEO: भाजपा विधायक की फिसली जुबान, सार्वजनिक मंच से ही दे डाली गोली मारने की धमकी
अलीगढ़। आजकल उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के रंग में रंगा हुआ है। इसी क्रम में अलीगढ़ में निकाय चुनावों के दौरान जनता को संबोधित कर रहे भाजपा विधायक की जुबान फिसल गई। जुबान भी ऐसी फिसली कि उन्होंने इगलास इलाके में आयोजित जनसभा में विपक्षियों को गोली मारने की धमकी दे दी। इगलास विधायक का कहना है कि भाजपा की जीत से बौखलाया विपक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकी दे रहा है। उन्होंने कहा है कि भाजपा कार्यकर्ता कमजोर नहीं हैं। अगर किसी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की अंगुली भी पकड़ ली तो मैं खुद उसपर गोली चलाऊंगा। इस दौरान मंच पर भाजपा सांसद और भाजपा जिलाध्यक्ष भी मौजूद थे।

इगलास नगर पंचायत चेयरमैन की भाजपा प्रत्याशी विमलेश शर्मा के समर्थन में बुधवार को दोपहर रामलीला मैदान इगलास में भाजपा की जनसभा आयोजित की गई थी। जनसभा में मंच पर भाजपा सांसद सतीश गौतम, विधायक राजवीर सिंह दिलेर, भाजपा जिलाध्यक्ष चै. देवराज सिंह, प्रत्याशी विमलेश शर्मा के अलावा भाजपा के चुनाव पर्यवेक्षक भी मौजूद थे। इसी दौरान विधायक राजवीर सिंह दिलेर ने अपने भाषण में कहा कि यहां भाजपा की जीत देखकर विपक्ष बौखलाया हुआ है और वह लगातार कार्यकर्ताओं को धमकी दे रहा है, जो गलत है। विपक्षी ये ना भूलें कि भाजपा कार्यकर्ता कर्मठ और जुझारू होने के साथ-साथ लाठी चलाने में भी पीछे नहीं हैं। यदि किसी कार्यकर्ता की अंगुली पकड़ी तो मैं पहले लाठी नहीं गोली चलाऊंगा।

बहरहाल, निकाय चुनावों को लेकर आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने के बराबर निर्देश दे रहा है। वहीं सत्ता के मद में चूर भाजपा विधायक आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए गोली चलाने की धमकी दे रहे हैं। जिला प्रशासन मामले को लेकर आंखे मूंदे बैठा है। अब देखना है कि प्रशासन, चुनाव आयोग इस पर क्या कार्रवाई करते हैं, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।












Click it and Unblock the Notifications