'यूपी में का बा' की गायिका नेहा सिंह राठौर के समर्थन में उतरे अखिलेश यादव, बोले- यूपी में झुठ्ठे केसों की बहार
यूपी में का बा की गायिका नेहा सिंह राठौर को पुलिस का नोटिस मिलने के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने उनका समर्थन किया है। अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला किया, उन्होंने कहा कि यूपी में झूठे केसों की बहार है।

Recommended Video
Neha Singh Rathore: यूपी में का बा गाने से सुर्खियों में आईं नेहा सिंह राठौर को कानपुर पुलिस ने नोटिस भेजा है। दरअसल नेहा सिंह ने यूपी में का बा का दूसरा सीजन जारी किया है, इसमें उन्होंने कानपुर की घटना को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला है। इस वीडियो पर कानपुर पुलिस ने नेहा सिंह को नोटिस भेजकर उनसे तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। वहीं जिस तरह से नेहा को पुलिस ने नोटिस भेजा है उसपर समाजवादी पार्टी ने तीखा हमला बोला है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी नेहा सिंह राठौर का समर्थन किया है और उनके समर्थन में ट्विटर पर पोस्ट किया है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करके लिखा, यूपी में का बा, यूपी में झुठ्ठे केसों की बहार बा, यूपी में गरीब-किसान बेहाल बा , यूपी में पिछड़े-दलितों पर प्रहार बा, यूपी में कारोबार का बंटाधार बा, यूपी में भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार बा, यूपी में बिन काम के बस प्रचार बा, यूपी में अगले चुनाव का इंतज़ार बा, यूपी में अगली बार भाजपा बाहर बा।
वहीं यूपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार को आड़े हाथ लिया है। सपा ने कहा कि यह नोटिस यूपी सरकार को आईना दिखाने की वजह से लोक गायिका नेहा राठौर को भेजा गया है। यह निश्चित तौर पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार का बदसूरत, क्रूर और वहशी चेहरा है। यह सरकार आईने से डरती है और जो भी इस सरकार को आईना दिखाता है उसे ये लोग नोटिस भेजते हैं। दरअसल नेहा सिंह राठौर ने कानपुर की घटना को लेकर योगी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए तीखा तंज कसा है, जिसकी वजह से कानपुर पुलिस ने उन्हें नोटिस भेजा है।
जिस तरह से कानपुर में अतिक्रमण अभियान के दौरान मां बेटी की आग में झुलसने से मौत हो गई उसके बाद योगी सरकार पर विपक्ष हमलावर है। इसी घटना को लेकर नेहा सिंह राठौर ने का बा सीजन 2 वीडियो जारी किया है। लेकिन कानपुर पुलिस ने उन्हें समाज में वैमनस्यता फैलाले के आरोप में नोटिस भेजा है और उनसे तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। यही नहीं अगर जवाब नहीं दिया गया तो कानूनी कार्रवाई की भी बात कही गई है।












Click it and Unblock the Notifications