जाति का कॉलम नहीं, गिनेंगे क्या? सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जनगणना 2027 पर उठाए सवाल, कांग्रेस भी आई साथ
Census 2027: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट के जरिए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने जनगणना 2027 की अधिसूचना को लेकर कई सवाल उठाए है। जातिगत जनगणना के मुद्दे पर गंभीर आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने इसे भाजपा का "जुमला" और "सुनियोजित साजिश" बताया है, जिसका लक्ष्य पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समाज के अधिकारों को कम करना है।
अखिलेश यादव ने अपनी टिप्पणी में पूछा कि जब जनगणना के फॉर्म में जाति का कॉलम ही नहीं है, तो जातिगत जनगणना कैसे संभव होगी? उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जनगणना की अधिसूचना में जाति का कॉलम न होना ही साबित करता है कि भाजपा का इरादा जातिगत जनगणना कराने का नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "जनगणना की अधिसूचना में जाति का कॉलम तक नहीं है, गिनेंगे क्या। जातिगत जनगणना भी बीजेपी का जुमला है। बीजेपी का सीधा फार्मूला है, न गिनती होगी, न आनुपातिक आरक्षण-अधिकार देने का जनसांख्यिकीय आधार बनेगा। जातिगत जनगणना न करना पीडीए समाज के खिलाफ भाजपाई साजिश है।"
उन्होंने भाजपा पर भरोसा करने वाले लोगों को "ठगा हुआ और घोर अपमानित" महसूस करने की बात कही। अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा के वे नेता और कार्यकर्ता, जो अब तक जातिगत जनगणना कराने का आश्वासन दे रहे थे, वे अब अपने समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं। उनके अनुसार, ऐसे कार्यकर्ता अब भाजपाई पट्टा और पार्टी का झंडा उतारने को मजबूर हैं, जिसका अर्थ है कि पीडीए को अपनी लड़ाई खुद लड़नी होगी।
अखिलेश यादव बाेले-"छलजीवी बीजेपी" इसे "टाइपिंग मिस्टेक" बता देगी
भाजपा की रणनीति पर सवाल उठाते हुए, अखिलेश यादव ने कटाक्ष किया कि विरोध होने पर "छलजीवी बीजेपी" इसे "टाइपिंग मिस्टेक" बता देगी। उन्होंने भाजपा की इस चालाकी को "बेशर्मी" करार दिया। सपा अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि अब तो शब्दकोशों में 'वचन-विमुखी' भाजपा का मतलब 'धोखा' लिख देना चाहिए, क्योंकि उसके गलत मंसूबे सबके सामने आ चुके हैं।
अखिलेश यादव के समर्थन में आई कांग्रेस
अखिलेश यादव के ट्वीट पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। खेड़ा ने कहा, "अब जनगणना में जाति का कोई कॉलम नहीं है। पीएम मोदी जो कहते हैं, ठीक उसके विपरीत करते हैं। भाजपा कहती कुछ और है, करती कुछ और है, और बिना सोचे-समझे फैसले लेती है।"












Click it and Unblock the Notifications