'इलाहाबाद' का नाम बदलने पर अखिलेश यादव ने उठाये सवाल, ट्वीट कर कही ये बड़ी बात
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता वाली कैबिनेट बैठक में मंगलवार को इलाहाबाद का नाम बदलकर 'प्रयागराज' किए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लग गई है। नाम बदलने के बाद अब शहर में जहां-जहां इलाहाबाद का नाम होगा उसकी जगह प्रयागराज लिखा जाएगा। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक दिन पहले ट्वीट कर नाम बदलने की मंशा पर सवाल खड़े किए थे।

अखिलेश ने इलाहाबाद का नाम बदलने को आस्था के साथ खिलवाड़ बताया था। उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर कहा, राजा हर्षवर्धन ने अपने दान से 'प्रयाग कुम्भ' का नाम किया था और आज के शासक केवल 'प्रयागराज' नाम बदलकर अपना काम दिखाना चाहते हैं। इन्होंने तो 'अर्ध कुम्भ' का भी नाम बदलकर 'कुम्भ' कर दिया है। ये परम्परा और आस्था के साथ खिलवाड़ है।
बता दें कि इससे पहले रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर इलाहाबाद पहुंचे थे। इस दौरान सीएम को काले झंडे भी दिखाये गए थे। सपा कार्यकर्ताओं 'इलाहाबाद' का नाम बदलने का विरोध कर रहे थे। वहीं, फूलपुर लोकसभा सीट से सपा सांसद नागेन्द्र प्रताप सिंह पटेल ने इलाहाबाद शहर का नाम बदलकर प्रयाग राज किए जाने के फैसले का विरोध किया है।












Click it and Unblock the Notifications