UP Politics: औरंगजेब विवाद पर अखिलेश का हमला – ‘नाकामी छिपाने के लिए ऐसे मुद्दे उठाती है बीजेपी’
UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महोबा में बीजेपी सरकार और संगठन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी केवल सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और जनता का शोषण कर रही है। 2027 के चुनाव में जनता बीजेपी को करारा जवाब देगी और उसे सत्ता से बाहर कर देगी।
महोबा जिले के कनकुआं गांव में सांसद अजेंद्र सिंह राजपूत के पुत्र के विवाह समारोह में पहुंचे अखिलेश यादव का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें कार्यकर्ताओं ने चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर तीखा हमला बोला।

अखिलेश यादव ने यूपी सरकार को घेरते हुए कहा कि बीजेपी के नेता और अधिकारी मिलकर प्रदेश को लूट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मूंगफली खरीद केंद्रों में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है, जिसमें सरकार के मंत्री और अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनता को लूटकर बीजेपी के लोग अपनी तिजोरी भर रहे हैं।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो सपना उन्होंने देखा था, वह पूरा नहीं हो पाया। आज वे सिर्फ सरकारी नौकर बनकर रह गए हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बीजेपी की सच्चाई समझ चुकी है और 2027 में उसे सत्ता से बाहर कर देगी।
कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि होली के दौरान कई जिलों में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें लोगों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि यूपी में पुलिस खुद सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता का क्या होगा? शाहजहांपुर में पुलिसकर्मियों पर हमला इसका उदाहरण है।
उन्होंने यूपी पुलिस की कार्यशैली पर भी कटाक्ष किया और कहा कि जबसे डायल 100 सेवा को 112 से बदला गया है, तब से पुलिस ने भी अपना 'रेट' बढ़ा लिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।
वित्त मंत्री पर कसा तंज
अखिलेश यादव ने यूपी के वित्त मंत्री को 'खन्ना-गन्ना' कहकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन वित्त मंत्री सिर्फ झूठे आंकड़े पेश कर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह केवल प्रचार और झूठे वादों के सहारे सत्ता में बने रहना चाहती है।
इसी तरह, औरंगजेब विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी अपनी नाकामी को छिपाने के लिए इस तरह के मुद्दे उठाती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को छत्रपति शिवाजी महाराज से कोई लेना-देना नहीं है, वे सिर्फ उनके नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी जब भी असफल होती है, तो धार्मिक मुद्दों को उछालने लगती है। लेकिन अब जनता समझ चुकी है और 2027 में बीजेपी को करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव बीजेपी की अब तक की सबसे बड़ी हार साबित होगा।












Click it and Unblock the Notifications