सपा का राष्ट्रीय अधिवेशन: तीसरी बार अध्यक्ष चुने गए अखिलेश, चुनाव आयोग- BJP पर जमकर बरसे
लखनऊ, 29 सितंबर: उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव को तीसरी बार गुरुवार को समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को बीजेपी की साजिशों से सावधान रहने की नसीहत दी। अखिलेश ने केंद्र और राज्य की बीजेपी की सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सपा की जीत हुई थी लेकिन चुनाव आयोग के साथ मिलकर साजिश करके जीत छीनी गई। इसलिए आने वाले चुनाव में इनकी चालों से सावधान रहकर हर बूथ को मजबूत बनाने की सख्त जरूरत है।
Recommended Video

डबल इंजन की सरकार का जनता को नहीं मिल रहा लाभ
अखिलेश यादव ने गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। अखिलेश ने कहा कि यूपी को डबल इंजन की सरकार का कोई लाभ नहीं मिला है। फर्रुखाबाद में अग्निवीर की भर्ती में 12 जिलों से एक लाख 13 हजार नौजवान आए थे लेकिन कितने लोग भर्ती हुई। इसकी जानकारी नहीं मिली। इन्होंने देश की सबसे प्रतिष्ठित फौज के साथ धोखा देने का काम किया है। गरीबी के कारण बडे पैमाने पर दुखी हैं। सरकार ये न समझे की वो शौक जा से आ रहे हैं। ऐसा नहीं है उनकी जरूरत उनको खींचकर ले आ रही है।
युवाओं के लिए रोजगार नहीं रहा
अखिलेश यादव ने कहा कि नौकरियां खत्म हो गई हैं। भविष्य में नौकरी नहीं मिलेगी। आप विश्वविद्यालयों के आंकड़े निकाल लीजीए ये लोग उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। नौजवान तर्क न करें इसलिए सरकार उनको पढ़ने लिखने का अवसर नहीं दे रही है। जिस तरह से अन्याय हो रहा है यूपी में। बड़े पैमाने पर प्लानिंग के तहत काम हो रहा है कि किनको जेल भेजना है किनको नहीं।
जानबूझकर आजम पर अत्याचार कर रही सरकार
आजम खान के उपर अन्याय रुकने का नाम नहीं ले रहा है। राजनीतिक इतिहास में वो पहले नेता हैं जिनके उपर इतने फर्जी मुकदमें लगाए गए हैं। अधिकारियों को यह कहकर भेजा गया था कि आजम को परेशान करने का इनाम मिलेगा। अधिकारियों को जानबूझकर समझाकर भेजा जा रहा है कि किसके उपर अन्याय करना है। दो साल उनको जेल में रहना पड़ा। उनके साथ लगातार अन्याय हो रहा है। जहां कहीं भी वो मदद मांगने जा रहे हैं कोई संस्था सुनने को तैयार नही है। जिस तरह से सुप्रीम कोर्ट ने राहत दी उससे विश्वास पैदा हुआ है।

जाति देखकर कार्रवाई करती है यूपी सरकार
झांसी में सपा के विधायक को मनगढ़ंत कहानी बनाकर पकड़ा गया। कोई नहीं मिला तो बेटे को पकड़ा गया। जब तक वो हाजिर नहीं हुए तब तक परेशान करते रहे। कहते रहे कि जब तक हाजिर नहीं होंगे परिवार के लोगों को परेशान किया जाता रहा है। ये तो कार्रवाई हो रही है समाजवादियों पर लेकिन बाकी लोगों के खिलाफ कुछ नहीं हो रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार जाति देखकर काम करती है। एक आईपीएस फरार है लेकिन उनके घरवालों से पूछताछ नहीं हो रही है। ये कौन सा लोकतंत्र है और ये कौन सी व्यवस्था है। सपा सरकार के फैसलों का विरोध करेगी तो आपको जेल भेज दिया जाएगा।
जनता को विश्वास नहीं सरकार कैसे बन गई
अखिलेश ने कहा कि जनता को भी भरोसा नहीं है कि सरकार कैसे बन गई। ये सरकार छीनी गई है। यूपी में समाजवादियों की सरकार बन गई थी। आपके मेहनत का परिणाम मिला था लेकिन पूरी मशीनरी को इस्तेमाल किया गया। उनको पता है कि यूपी की सरकार जाएगी तो दिल्ली की सरकार चली जाएगी। चुनाव आयोग से उम्मीद थी लेकिन उसने बीजेपी के इशारे पर मुसलमानों और यादवों के वोट को कम किया गया। हम तो कहते हैं कि जांच करके देख लें तो 20 हजार वोट उड़ा दिए गए। यह बीजेपी की रणनीति का ही हिस्सा था।
बेइमानी नहीं होता तो सपा की सरकार बनी होती
अखिलेश ने कहा कि अब तो रिजल्ट बदला नहीं जा सकता। इसको बदला नहीं जा सकता है। हमने मुकाबला किया होता तो बेइमानी के साथ बीजेपी की सरकार नहीं बनती। यूपी में सपा की सरकार बनी होती। अपना बूथ सबसे मजबूत के मंत्र पर आगे बढ़ना होगा। पूरे यूपी के लिए षडयंत्र किया जाएगा। उन्हें साइलेंट वोट मिला है। बीजेपी वाले कहते हैं कि उन्हें साइलेंट वोट मिला है। महिलाओं और बहनों का वोट मिला है लेकिन हमें इस समाज से अपील है कि वो आगे आकर महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को रोकने का काम करें।

रेलवे स्टेशन और हवाइअड्डे बेचे जा रहे हैं
पूर्व सीएम ने कहा कि जेलों में सबसे अधिक दलित और पिछड़े हैं। उनको ही जेलों में ठूंसा जा रहा है। जो सुविधाएं दी गईं थी उन्हें भी छीना जा रहा है। ये कितने भी मेडिकल कॉलेज खोल दें लेकिन ये लोग आपको इलाज नहीं देंगे। जिस तरह से स्टेशन और हवाइअड्डे बेचे जा रहे हैं। इनकी साजिश है कि सरकारी सुविधाओं को फेल करो ताकि प्राइवेट की तरफ जाने का एक आधार मिले। देश को बचाने के लिए अगर कोई आगे आ सकता है तो सपा ही आगे आ सकती है।
सरकार के दमन के खिलाफ आंदोलन छेड़ने की जरूरत
अखिलेश ने कहा कि सपा के कार्यकर्ता जेल भरने के लिए तैयार नहीं है।कोई भी आंदोलन छेड़ना पडेगा तो पीछे नहीं हटेंगे। बीजेपी के लोग गांव में झूठा प्रचार करके जनता को गुमराह कर रहे हैं उससे जनता को सावधान करना होगा। गांव में लोगों को एंबुलेंस की सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। एक बार फिर फ्री राशन कर दिया गया है। लगता है कहीं पर चुनाव आया है इसलिए ये कदम उठाया गया है। अमीरों को लाभ देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
अडाणी पर भी अखिलेश ने साधा निशाना
पूर्व सीएम ने कहा कि एक उद्योगपति दुनिया में नंबर दो हो जाए तो गरीब को क्या मिलेगा। इससे नौजवानों का भविष्य नहीं सुधर सकता है। नौजवानों के भविष्य को बेहतर करने के लिए कदम उठाए जाएं। हम लोगों को ये भी संकल्प लेकर जाना है कि वो अपने गांव और अपने बूथ पर बीजेपी को हराकर भेजने का काम करेगा। जिस दिन हम इन्हें बूथ पर हरा देंगे उस दिन इनकी असलियत सामने आ जाएगी। बीजेपी के लोग गुप्त होकर सोशल मीडिया पर साजिश करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications