यूपी में लागू हुआ ESMA तो भाजपा पर भड़के अखिलेश यादव, कहा- 'सुषुप्त ज्वालामुखी कभी भी फट सकता है'
UP News: उत्तर प्रदेश में जारी विरोध-प्रदर्शन और आंदोलनों के बीच योगी सरकार ने राज्य में एस्मा (ESMA) लागू कर दिया है। अगल छह महीने तक प्रदेश में विरोध-प्रदर्शन, हड़ताल और आंदोलनों पर रोक लगा दी गई है। प्रदेश में अगले छह महीने तक एस्मा कानून लागू किए जाने पर सपा मुखिया अखिलेश यादव भड़क गए।
अखिलेश यादव प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा, 'कर्मचारियों-अधिकारियों के बीच विरोध और आक्रोश का सुषुप्त ज्वालामुखी कभी भी फट सकता है।' अखिलेश यादव ने रविवार 08 दिसंबर को अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर लिखा, 'उप्र सरकार का ये फ़रमान अपने आप में उप्र में लगातार बढ़ते ख़राब हालातों को बयां कर रहा है।'

अखिलेश यादव ने कहा कि अगले 6 महीनों तक अनिवार्य सेवा अनुरक्षण क़ानून (ESMA) के तहत हड़ताल पर प्रतिबंध होगा। सच्चाई ये है कि भाजपा को जोड़-तोड़ और हेराफेरी से सरकार बनाना तो आता है पर भ्रष्ट आचार-विचार के कारण सरकार चलाना नहीं। जो सरकार अपने अधीन लोगों पर ही पाबंदी लगा रही है।
इसका तो सीधा मतलब यही हुआ ना कि वो मान रही है कि कर्मचारियों-अधिकारियों के बीच विरोध और आक्रोश का सुषुप्त ज्वालामुखी कभी भी फट सकता है। वास्तविकता तो ये है कि उत्तर प्रदेश के ही नहीं, पूरे देश के विभिन्न विभागों और सरकारी व अद्धसरकारी संस्थानों और प्रतिष्ठानों में काम करने वाले लोग, भाजपाई भ्रष्ट नीतियों और भ्रष्टाचार के हिस्से बनने पर मजबूर किए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि जिससे उनमें असंतोष पनप रहा है, जो कल को हड़ताल बनकर उभरेगा, यही वो डर है जिसकी वजह से ये आदेश पारित हुआ है। भाजपा डरी हुई सरकार है। आपको बता दें कि अगले छह महीने तक हड़ताल, विरोध-प्रदर्शन पर रोक लगाने के लिए योगी सरकार ने एसेंशियल सर्विसेज मेंटनेंस ऐक्ट (एस्मा) का इस्तेमाल किया है।












Click it and Unblock the Notifications