अखिलेश के बंगले की जांच रिपोर्ट: 4 करोड़ के अवैध निर्माण समेत कई चौंकाने वाले खुलासे
लखनऊ। अखिलेश यादव के बंगले पर विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। अखिलेश यादव के बंगले की जांच मामले में राज्य संपत्ति निर्माण विभाग ने सीएम को अपनी रिपोर्ट आज पेश कर दी है। पीडब्लूडी जांच में जो बात सामने आई है उसके मुताबिक अखिलेश के बंगले में पांच लाख 84 हजार रुपयों की तोड़फोड़ का आकलन किया गया है। साथ ही 4 वीडी में राज्य संपत्ति विभाग के कार्यों के अलावा 4 करोड़ 67 लाख रुपये के अवैध निर्माण की भी बात कही गई है।

इस मामले में अब स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा है कि अखिलेश ने अवैध निर्माण कराया था और जाते-जाते सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। इस मामले में कानून अपना काम करेगा। आपको बता दें कि अखिलेश के बंगला तोड़-फोड़ मामले में राज्य संपत्ति विभाग ने अपनी रिपोर्ट सीएम को दे दी है। निर्माण विभाग की जांच टीम ने बंगले में तोड़फोड़ पाई है।
रिपोर्ट में बंगले में लाखों की तोड़फोड़ बताई गई
ये रिपोर्ट करीब 266 पेज की है। बंगले की जांच में पाया गया कि कई जगह टोटियां और टाइल्स गायब हैं। अखिलेश के बंगले की तोड़फोड़ मामले में राज्य संपत्ति विभाग ने अपनी रिपोर्ट सीएम योगी को भेज दी है। इस रिपोर्ट में बंगले में लाखों की तोड़फोड़ बताई गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने दिया था आदेश
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्यमंत्रियों के बंगला खाली करने के आदेश के बाद जमकर घमासान मचा था। इसके बाद राजनाथ सिंह और मायावती ने एक-एक करके बंगला खाली कर दिया था, लेकिन सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और अखिलेश ने समय मांगा था जिसे कोर्ट ने सिरे से इंकार कर दिया था।
बंगला ना खाली करने को किए थे कई जतन
इसके बाद पहले मुलायम सिंह सीएम योगी से भी मिले थे लेकिन जब वहां भी उनकी दाल नहीं गली तो थक हार कर उन्होंने भी अपना बंगला खाली कर दिया था। इसके बाद अखिलेश यादव ने भी बंगला खाली कर दिया। जब अखिलेश यादव के बंगले की तस्वीरें सामने आईं वो बेहद चौंका देने वाली थीं। बंगले में टाइल्स और टोटियां गायब थीं। इसके अलावा भी कई जगह टूट फूट थी। इसके बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications