सूखे के संभावित संकट को लेकर कृषि मंत्री ने संभाली कमान, किसानो के लिए उठाया ये बड़ा कदम
लखनऊ, 18 जुलाई: उत्तर प्रदेश में औसत से कम हो रही बारिश ने यूपी सरकार की नींद उड़ाकर रख दी है। तीन दिन पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त दिशा निर्देश दिए थे। इसके बाद अब कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्वयं कमान संभाल ली है। शाही ने खरीफ 2022 में मौसमीय स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कहा है कि यूपी में आवश्यकता से कम बारिश हुई इस लिहाज से अब परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किसानों को फसलों के बीमा कवर प्रदान करने के लिए हर संभव कदम उठाएं।

सूर्य प्रताप शाही ने बीमा कम्पनी एवं बैंकों के अधिकारियों के साथ प्रदेश में संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन एवं प्रदेश में निर्गत किसान क्रेडिट कार्ड (के0सी0सी0) की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिया। शाही ने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए फसल बीमा के तहत अधिक से अधिक किसानों को इससे लाभ प्रदान करें।
शाही ने कहा कि खरीफ 2022 मौसम में बीमा कराने की अन्तिम तिथि 31 जुलाई, 10 अगस्त तक कराने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक कृषकों को बीमा कवर मिल सके। कृषि मंत्री ने कहा कि बैंकों, कामन सर्विस सेन्टर एवं बीमा कम्पनियां 21 जुलाई से 25 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानो को फसल बीमा के कवर के लिए आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित करें।
इसके अलावा बैठक के दौरान शाही ने किसान क्रेडिट कार्ड की की समीक्षा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश के समस्त प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की कार्यवाही करें। इसके लिए अभियान चलाकर ऋणी एवं गैर ऋणी किसानों को इसका लाभ दिया जाए।
कृषि मंत्री ने कहा कि जून से 17 जुलाई तक केवल 35.5 प्रतिशत वर्षा ही हुई है, जिसके कारण प्रदेश में पिछले साल 51.34 लाख हेक्टेयर के सापेक्ष इस वर्ष 42.51 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में ही बुआई हुई है। वहीं पिछले वर्ष की तुलना में 8.83 लाख हेक्टेयर कम बुवाई हुई है। इसमें सबसे ज्यादा धान की फसल प्रभावित हुई है। पिछले साल की तुलना में 8.31 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल कम हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications