आगरा: सपा के प्रदर्शन में पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी, वीडियो वायरल होते ही जांच के आदेश
लखनऊ, 15 जुलाई: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं। जिसकी तैयारियों में समाजवादी पार्टी भी जुटी हुई है। गुरुवार को योगी सरकार को घेरने के लिए प्रदेश की सभी तहसीलों में सपा ने प्रदर्शन का आयोजन किया, लेकिन आगरा के एक वीडियो ने उसकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिसमें कुछ लोग पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगरा एसपी सिटी ने जांच के आदेश तो दे दिए, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।
Recommended Video

वायरल हो रहे 38 सेकंड के वीडियो में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता दिख रहे हैं। साथ ही उसमें अखिलेश यादव के समर्थन में नारे लगाए जा रहे। इसी बीच कुछ लोगों ने 'पाकिस्तान जिंदाबाद' का नारा लगाना शुरू कर दिया। खास बात तो ये है कि वीडियो में सपा महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार भी नजर आ रहे हैं। जिससे साफ हो गया कि ये वीडियो आगरा का ही है। वहीं पाकिस्तान समर्थित नारे लगने की घटना के बाद जिले में खलबली मच गई। कुछ ही देर में मामला पुलिस महकमे तक पहुंचा। जिसके बाद एसपी सिटी ने तुरंत जांच के आदेश दे दिए। साथ ही आगरा पुलिस वीडियो की सत्यता की भी पुष्टि कर रही है।
क्या थी प्रदर्शन की वजह?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को वाराणसी के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने जनता को कई सौगातें दीं, तो वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हर तहसील में प्रदर्शन किया। सपा हाईकमान के मुताबिक बीजेपी की सरकार में महंगाई आसमान छू रही, साथ ही बेरोजगारी भी कई गुना बढ़ गई है। इसके अलावा हाल ही में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में धांधली हुई। जिस वजह से सपा कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतरना पड़ा। हालांकि सभी जगहों पर पुलिस-प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर लिए थे।












Click it and Unblock the Notifications