राणा सांगा पर रार! करणी सेना की रैली से पहले आगरा में सियासी पारा हाई, रामजी लाल पर एक्शन की मांग
Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा (Agra) जिले के एतमादपुर क्षेत्र में शनिवार 12 अप्रैल को करणी सेना द्वारा आयोजित 'स्वाभिमान रैली' को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यह रैली राणा सांगा जयंती के अवसर पर गढ़ी रामी गांव में हो रही है। हालांकि, सपा के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए गए एक विवादित बयान के बाद से बवाल मचा हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो करणी सेना ने चेतावनी दी है कि अगर आज शाम 5 बजे तक सपा सांसद रामजी लाल के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उनके आवास की ओर मार्च करेंगे। इस दौरान करणी सेना के लोग तलवार लेकर पहुंचे। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने कहा, 'अगर प्रशासन कार्रवाई नहीं करता, तो हम शांतिपूर्वक प्रदर्शन करते हुए सांसद के आवास तक जाएंगे।'

इस रैली में शामिल होने के लिए शुक्रवार रात से ही विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग आगरा पहुंचने लगे थे। करीब 50,000 स्क्वायर मीटर क्षेत्र को समतल कर सभा स्थल में बदला गया है। हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना जताई गई है। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल भी रैली में शामिल होने पहुंचे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
इस बीच पुलिस ने किसी प्रकार हिंसा को रोकने के लिए पहले से अपनी कमर कल ली है। एडीसीपी संजीव त्यागी के मुताबिक, 1300 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं और सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
CCTV, फिजिकल पेट्रोलिंग और बहुत कुछ
इतना ही नहीं, 1 कंपनी RAF और 8 कंपनी PAC के साथ-साथ पुलिस भी सांसद रामजी लाल सुमन के आवास और सभा स्थल के बीच पूरे रूट पर तैनात किए गए हैं। पूरे मार्ग में CCTV निगरानी, फिजिकल पेट्रोलिंग, और बैरिकेडिंग की व्यवस्था है। पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त लाठियां, हेलमेट और सुरक्षा कवच उपलब्ध कराए गए हैं।
रामजी लाल सुमन ने जताया जान को खतरा
वहीं, सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा है कि उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है, इसलिए उन्होंने राज्यसभा के उपसभापति से सुरक्षा की मांग की है। कहा कि करणी सेना ने जिस तरह का तरीका अपनाया, वह लोकतांत्रिक विरोध का नहीं, अराजकता का उदाहरण है। मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया।
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इ मामले पर चिंता जताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि प्रशासन रामजीलाल सुमन के साथ किसी भी तरह का अपमानजनक व्यवहार नहीं कर पाएगा। अगर सरकार ने इसके लिए अभी भी खुली छूट दे रखी है, तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार है।
26 मार्च को भी हुआ था बवाल
26 मार्च को करणी सेना ने रामजी लाल सुमन के घर के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान तोड़फोड़ और हिंसा हुई, जिसमें पुलिसकर्मी भी घायल हुए। 27 मार्च को हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें: Ramji Lal Suman: सपा सांसद रामजी लाल सुमन पर के बयान के बाद बढ़ा बवाल, सिर कलम करने पर 51 लाख का इनाम!












Click it and Unblock the Notifications