'वो तो चुनाव ही नहीं लड़ना चाहते थे, BJP की दरियादिली है...', पारसनाथ राय को टिकट देने पर बोले अफजाल अंसारी
खूंखार माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की मौत के बाद गाजीपुर लोकसभा सीट काफी चर्चा में आ गई है। बीजेपी ने अपनी 10वीं सूची में गाजीपुर से उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने इस हॉट सीट से मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी के खिलाफ पारस नाथ राय को मैदान में उतारा है। बीजेपी के प्रत्याशी घोषित किए जाने पर अफजाल अंसारी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
मीडिया से बात करते हुए अफजाल अंसारी ने कहा कि मुझे मीडिया के माध्यम से पता चला है कि बीजेपी ने पारस नाथ राय को गाजीपुर से हमारे खिलाफ टिकट दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे किसी ने बताया कि वो तो चुनाव ही नहीं लड़ना चाहते थे और ना ही टिकट की मांग की थी।

पारस नाथ अच्छे उम्मीदवार हैं- अफजाल अंसारी
अफजाल अंसारी ने कहा कि बीजेपी वाले वैसे भी चमत्कार करते रहते हैं। उन्होंने पारस नाथ राय को अचानक से उम्मीदवार बना दिया। यह तो बीजेपी की दरियादिली है कि पार्टी ने बिना कहे उन्हें टिकट दे दिया। उन्होंने कहा कि हम उनके बारे में और पता कर रहे हैं। लेकिन जितनी जानकारी मुझे मिली है, उसमें पता चला है कि वो एक अच्छे उम्मीदवार हैं। वो कोई स्कूल चलाते हैं।
मनोज सिन्हा के करीबी हैं पारस नाथ राय
बीजेपी उम्मीदवार पारस नाथ राय, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और गाजीपुर के पूर्व सांसद मनोज सिन्हा के करीबी माने जाते हैं। वह आरएसएस से भी जुड़े हुए हैं। इससे पहले उन्होंने कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा है। लेकिन बीजेपी ने उन्हें टिकट देकर सबको चौंका दिया है।
मुख्तार अंसारी की मौत के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव 'फाटक' पहुंच चुके हैं। साथ ही मुख्तार अंसारी की आकस्मिक मौत पर बीजेपी पर कई सवाल खड़े किए थे।
यह भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024: अफजाल अंसारी ने डिप्टी सीएम को बताया 'मफिया', कहा- बेशर्म हैं ये लोग












Click it and Unblock the Notifications