राम मंदिर: शिलान्यास कार्यक्रम में सभी मुख्यमंत्रियों को भेजा जाएगा न्योता, हनुमान गढ़ी के भी दर्शन करेंगे पीएम मोदी
नई दिल्ली: अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अगस्त को अयोध्या आएंगे और मंदिर का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए 40 किलो की विशेष शिला बनवाई गई है। पीएम मोदी के साथ लालकृष्ण आडवाणी, अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रह सकते हैं। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इस कार्यक्रम के लिए करीब 150 लोगों को निमंत्रण भेजगा।

पुणे में न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने कहा कि 5 अगस्त को पीएम मोदी भव्य राम मंदिर की आधारशिला रखेंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सही तरीके से हो सके, इसके लिए कार्यक्रम में सिर्फ 200 लोग ही शामिल होंगे। जिसमें 150 लोगों को निमंत्रण भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि शिलान्यास से पहले पीएम मोदी मंदिर में भगवान राम और हनुमान गढ़ी मंदिर में हनुमान जी के दर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए सभी मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
आंदोलन से जुड़े नेताओं को भी न्योता?
सूत्रों के मुताबिक ट्रस्ट उन सभी लोगों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित करने पर विचार कर रहा है, जो राम मंदिर आंदोलन से शुरूआत से ही जुड़े थे। जिसमें लालकृष्ण आडवाणी, उमा भारती, विनय कटियार आदि का नाम शामिल है। वहीं गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ शामिल हो सकते हैं। प्रदेश के मुखिया होने के नाते सीएम योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में तो मौजूद ही रहेंगे। मामले में ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने बताया कि पीएम कार्यालय को एक फार्मल इन्वाइट भेजा गया है, लेकिन अभी तक अधिकारिक तौर पर पीएम का शेड्यूल नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications