अयोध्या में 14 सितंबर को तिरंगा यात्रा निकालेगी आम आदमी पार्टी, संजय सिंह और सिसोदिया करेंगे लीड
लखनऊ, अगस्त 29। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है। जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर को दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में ये तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। AAP की ये तिरंगा यात्रा अयोध्या में निकाली जाएगी और बताया जा रहा है कि रामलला और हनुमानगढ़ी के सामने से इस यात्रा को निकाला जाएगा।

योगी सरकार ने नहीं दी तिरंगा यात्रा को अनुमति!
वहीं इस तिरंगा यात्रा को लेकर AAP का दावा है कि यूपी सरकार ने इस यात्रा को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पार्टी के नेता संजय सिंह ने एक वीडियो शेयर कर ये बताया है कि यूपी सरकार ने उनके तिरंगा यात्रा को परमिशन देने से इनकार कर दिया है। इसको लेकर संजय सिंह ने योगी आदित्यनाथ पर निशाना भी साधा है। संजय सिंह ने कहा है कि ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि योगी आदित्यनाथ जी के राज में आप तिरंगा यात्रा नही निकाल सकते, जबकि भाजपा को हज़ारों की भीड़ इकट्ठा कर "जनआशीर्वाद यात्रा" निकाल सकती है। संजय सिंह ने कहा कि भले ही अनुमति ना मिले, लेकिन तिरंगा यात्रा जरूर निकलेगी।

बीजेपी के हिंदुत्व को चुनौती देगी AAP
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी की इस तिरंगा यात्रा की अगुवाई मनीष सिसोदिया और संजय सिंह करेंगे। पार्टी के नेताओं का कहना है कि इस यात्रा के जरिए लोगों को ये संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि आम आदमी पार्टी का राष्ट्रवाद और हिंदुत्व का चेहरा बीजेपी की विभाजनकारी पॉलिसी से एकदम अलग है। AAP की इस तिरंगा यात्रा को सीधे तौर पर UP में अगले साल होने वाले चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। साथ ही इस यात्रा के जरिए आम आदमी पार्टी यूपी में बीजेपी के हिंदुत्व को चुनौती देने जा रही है।

1 सितंबर को नोएडा में भी निकलेगी तिरंगा यात्रा
द इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, संजय सिंह ने कहा है कि अयोध्या में तिरंगा यात्रा से पहले आज आम आदमी पार्टी की आगरा में तिरंगा यात्रा है और 1 सितंबर को नोएडा में तिरंगा यात्रा करेगी। इस यात्रा पर 85 करोड़ रुपए खर्च होंगे। संजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का तथाकथित राष्ट्रवाद भारत को बीमार बना रहा है, हमारा मानना है कि राष्ट्रवाद लोगों को उनके अधिकार प्रदान करने के बारे में है। चाहे वह अच्छी शिक्षा हो या मजबूत स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना है।
“AAP से डरी भाजपा”
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) August 29, 2021
ये अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है की आदित्यनाथ जी के राज में आप तिरंगा यात्रा नही निकाल सकते।
भाजपा को हज़ारों की भीड़ एकत्रित करने और “जनआशीर्वाद यात्रा” निकालने की अनुमति है लेकिन @msisodia को तिरंगा यात्रा की अनुमति नही।
“यात्रा तो निकलेगी और ज़रूर निकलेगी” pic.twitter.com/zCZHNdNEY5












Click it and Unblock the Notifications