यूपी: भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर की बढ़ी मुश्किलें, छात्रा ने लगाया यौन शोषण और धमकी देने का आरोप
सहारनपुर। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर ने जब से अपने नाम के साथ से रावण शब्द हटाया है, तभी से वह विवादों से घिरते जा रहे हैं। अभी सप्ताह भर पहले उन पर साहिबाबाद में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी कड़ी में अब सहारनपुर में एक छात्रा ने चंद्रशेखर पर यौन शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। हॉस्टल में रहने वाली यह छात्रा कैमरे के सामने से आने से कतरा रही है, लेकिन उसने पुलिस को दी शिकायत में चंद्रशेखर के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

आपको बता दें कि पिछले साल सहारनपुर में भड़की जातीय हिंसा के बाद चंद्रशेखर पर रासुका लगाई गई थी। वह कई माह जेल में रहने के बाद दो माह पहले ही जेल से रिहा हुए थे। जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने अपने नाम के साथ लगे रावण शब्द को हटा दिया था। आपको बता दें कि चंद्रशेखर ने जब से अपने नाम के साथ रावण शब्द जोड़ा था, वह लगातार सुर्खियों में आना शुरू हो गए थे। अब वह लगातार विवादों से घिरते जा रहे हैं।

करीब एक सप्ताह पूर्व गाजियाबाद जनपद के साहिबाबाद में चंद्रशेखर के खिलाफ मीडिया से मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। अब सहारनपुर जनपद के रामपुर मनिहारान की रहने वाली एक सजातीय छात्रा ने चंद्रशेखर पर यौन शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना रामपुर मनिहारान में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर रामपुर मनिहारान पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि एक हॉस्टल में रहकर पढ़ने वाली एक छात्रा ने तहरीर देकर भीम आर्मी संस्थापक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications