सुल्तानपुर: कार की टक्कर से तीन लोगों की मौत, कार सवार तीन लोग घायल
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में इलाहाबाद-फैजाबाद हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है। बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने तीन लोगों को रौंद दिया। जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने ट्रॉमा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बेकाबू कर सड़क किनारे पलट गई। वहीं, कार सवार तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने कड़ी मशक्त कर जाम को खुलावाया।

जानकारी के अनुसार, ओदरा गांव के रहने वाले तस्लीम गाय खरीदकर अपने चचेरे भाई जाहिद के साथ सुबह 9 बजे घर जा रहा था। तभी फैजाबाद की ओर से एक तेज रफ्तार कार आ रही थी। रफ्तार इतनी तेज थी कि ओदरा गांव के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए जा पलटी। चपेट में आकर गांव निवासी तस्लीम (22) और साइकिल से जा रहे एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक गाय ने भी चपेट में आकर दम तोड़ दिया।

जबकि जाहिद (25) और कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से जाहिद को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। कार सवार लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। वहीं, हादसे से भड़के ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि ब्रेकर न होने से पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। लोग अरसे से ब्रेकर बनवाने की मांग करते आ रहे हैं लेकिन प्रशासन सुन नहीं रहा है। यही वजह है कि फिर से ये हादसा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications