VIDEO: अजगर ने सपेरे का घोटा गला, तमाशा देखकर वीडियो बनाती रही भीड़
मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद कोतवाली बाजार क्षेत्र में उस समय हड़कंप और अफरातफरी का माहौल हो गया जब एक खेल-तमाशा दिखाने वाले सपेरे ने अजगर को गले में लपेट लिया। तमाशा देख रहे लोग पहले तो यह समझे कि सपेरा तमाशा दिखा रहा है लेकिन देखते ही देखते सपेरा बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

अजगर ने सपेरे की गर्दन को कस लिया
पूरा मामला मोहम्मदाबाद गोहाना कोतवाली के बाजार इलाके है जहां पर एक सपेरा सड़क किनारे बैठकर तमाशा दिखा रहा था। लोगों की भीड़ यह तमाशा देख रही थी। सपेरे ने अजगर को अपने गले में डाला तभी अजगर अपनी पकड़ से सपेरे के गले को कसने लगा।

बेहोश होकर गिर गया सपेरा
सपेरा अजगर को गले से निकाल ही नहीं पाया। वहीं पर थोड़ी ही देर में गिर पड़ा। अजगर गले में दोबारा लपेटने का प्रयास करने लगा तो तमाशा देख रहे एक शख्स के दिमाग में आया कि कहीं यह सपेरा बेहोश तो नहीं हो गया। उसने बगल से पानी लाकर उसके ऊपर छींटे मारे तो उसको होश नही आया। होश नहीं आने पर तमाशा देखने वालों के हाथ-पांव फूल गये।

सपेरे की हालत गंभीर
आनन-फानन में पहले अजगर को हटाया फिर उसके बाद सपेरे को 108 की एम्बुलेंस बुलाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय में इलाज के लिए रेफर कर दिया। यहां से भी डॉक्टरों ने उसको वाराणसी इलाज के लिए भेज दिया है। फिलहाल सपेरे की पहचान के बारे में अभी जानकारी उपलब्ध नही हो पाई है। फिलहाल इस पूरे मामले में मुख्य चिकित्साधिक्षक का कहना है कि सपेरे का इलाज किया जा रहा है। उसकी गम्भीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications