वाराणसी: होली मिलन के बहाने बुलाकर युवक की गोलियों से भूनकर हत्या
वाराणसी। रंगों के उत्सव होली के दिन बदमाशों ने बनारस के सबसे तंग इलाके में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस खूनी होली में हथियार बंद बदमाशों ने युवक को बकायदा होली मिलन के लिए बुलाया और फिर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। वहीं आनन-फानन में युवक को पहले नजदीक के शालीग्राम मेहता रामघाट अस्पताल ले जाया गया और डॉक्टरों की सलाह पर फिर उसे श्री शिवप्रसाद गुप्त मण्डलीय चिकित्सालय ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने से मृत घोषित कर दिया। इस खूनी होली की सूचना मिलते ही एसपी सिटी दिनेश सिंह और कोतवाली सीओ कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

पुराने विवाद में मारी गयी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कोतवाली थाना क्षेत्र के राजमंदिर के रहने वाले मनोज यादव के आपराधियों के साथ रिश्ते थे। होली के मौके पर दोपहर में मनोज का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसी कारण शाम के समय जब युवक घर पर था तभी शाम करीब 6.30 पर कुछ लोग उसके घर पर आए और होली के मौके पर होली मिलन की बात कह उसे बाहर बुलाया। जैसे ही मनोज बाहर आया, उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। खुद को बचाने के लिए मनोज दरवाजे के पीछे छुपा लेकिन गोली दरवाजे को छेदते हुए उसके पेट मे जा लगी और उसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी।
पुलिस जांच में जुटी
वहीं इस घटना के बाद पुलिस महकमे के होश उड़ गए। पूरे दिन होली के पर्व को सकुशल संपन्न कराने के बाद जब इस बात की जानकारी हुई कि कोतवाली थाना क्षेत्र में युवक को गोली मारी गयी है तो तत्काल एसपी सिटी दिनेश सिंह और क्षेत्राधिकारी और कोतवाली पुलिस के साथ फोर्स मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं एसपीसिटी दिनेश सिंह ने मीडिया को बताया कि मृतक युवक मनोज यादव आपराधिक प्रवृति का था और पुराने विवाद भी हत्या की वजह लग रहे हैं। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के माध्यम के हम कातिल की तलाश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications