सहारनपुर: बच्चों के लिए बीवी ने मांगा खाना, पति ने दिया 'तीन तलाक'
सहारनपुर। उच्च न्यायालय द्वारा तीन तलाक पर रोक लगा दिए जाने के बावजूद देश में तीन तलाक के मामले सामने आ रहे है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का है। यहां एक महिला को अपने बच्चों के लिए खाना मांगना महंगा पड़ गया। महिला के पति ने शराब के नशे में पहले तो उसकी पिटाई की। फिर तीन बार तलाक बोलकर उसे तलाक दे दिया। अब पीड़ित महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

बता दें कि सहारनपुर के रविदास मार्ग निवासी एक विवाहिता ने पुलिस को अपने पति के खिलाफ तहरीर दी है। महिला ने बताया कि घर में खाने का सामान खत्म हो गया था। बच्चों को भूख लग रही थी। पति से बच्चों के खाने का सामान लाने के लिए पैसे मांगे। साथ ही महिला ने शराब पीने का विरोध किया तो उसके पति ने मारपीट की। मारपीट करते हुए उसके हाथ में करंट का तार देने का प्रयास करने लगा। आरोप है कि उसके द्वारा शोर मचाने पर पति ने तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं उसके मासूम पुत्र को भी उससे छीन लिया गया।
पीड़िता के मुताबिक, उसका विवाह करीब 14 वर्ष पूर्व हुआ था। उसके तीन बेटियां और एक बेटा है। महिला ने बताया कि उसका पति शराब के नशे का आदि है। अब पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी पति के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications