दबंगों ने की दलित की हत्या, जातीय बवाल को देखते हुए फोर्स तैनात
सूचना पर पहुंची पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। घायल का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आगरा। यूपी में आगरा के थाना सिकंदरा के जऊपुरा गांव में दलित की दबंगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। दबंगों ने उसके एक साथी को घायल कर दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। घायल का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है इससे आक्रोशित मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने थाना सिकंदरा का घेराव कर हंगामा किया। पुलिस ने लगभग डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

रास्ते में दबंगों ने किया लाठी-डंडों से हमला
थाना सिकंदरा के नगला जऊपुरा निवासी नवाब सिंह अपने भतीजे राकेश पुत्र भीमसेन के साथ जा रहे थे। बुधवार रात करीब 9:30 बजे रास्ते में यादव परिवार के दबंगों ने उनपर लाठी डंडा व सरियों से हमला बोल दिया। पीटते हुए दबंगों ने दलितों को अपने घर में बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग उनके घर में घुस आए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि नवाब सिंह व राकेश की हालत गंभीर बनी हुई है।

हत्या के बाद इलाके में तनाव
पुलिस ने मौके से यादव परिवार के 3 लोगों को हिरासत में ले लिया। घायलों को निजी अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों ने नवाब सिंह को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार सुबह मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने सिकंदरा थाने का घेराव कर लिया। बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं का कहना था कि दबंग आए दिन दलितों पर जुल्म ढा रहे हैं इसके बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अशोक यादव लक्ष्मण रज्जू चंदू लाल सिंह सत्यवीर रवि भोला सहित लगभग डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी चार बार हमला कर चुके हैं सन 2001, 2004, 2010, 2012 में इनके खिलाफ थाना सिकंदरा में कई मुकदमे दर्ज हैं। 5 अगस्त को उनके खिलाफ नवाब सिंह व राकेश को एससी-एसटी के मुकदमे में गवाही देनी थी उससे पहले ही दबंगों ने दलित की पीट पीट कर हत्या कर दी।

जातीय संघर्ष के मद्देनजर फोर्स की तैनाती
इस मामले में गांव में जातीय संघर्ष की आशंका को देखते हुए एसएसपी दिनेश चन्द्र दुबे ने पीएसी बल तैनात करा दिया है। गुरुवार शाम को एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ एलआईओ, थाना सिकन्दरा फोर्स व स्वॉट टीम के साथ गांव में पहुंचे। गांव में उन्होंने तनाव को देखते हुए सतर्कता दिखाने के लिए पैदल फ्लैग मार्च किया और सभी से शांति बनाए रखने की अपील की। इस दौरान एसएसपी ने मृतक के परिजनों से बात की। परिवार के लोगों ने बताया यादवों के सात-आठ घर बने हुए हैं, जो आए दिन दलितों पर जुल्म ढाते हैं। चुनाव में भी उन्हें मतदान करने से रोका जाता है। उनके नाम पर सरकारी राशन की डीलरशिप है, लेकिन किसी को भी राशन नहीं देते हैं।
एनएसए की तहत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
एसएसपी ने एसपी सिटी को निर्देश दिए कि हत्यारोपियों पर एनएसए के तहत कार्रवाई की जाये। किसी भी आरोपी को बक्शा नहीं जाये। वहीं उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन अधिकारी को मौके पर बुलाकर मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाए और दबंगों के नाम से राशन डीलरशिप का रजिस्ट्रेशन निरस्त किया जाए। फ्लैग के मार्च के दौरान एसएसपी दिनेश चन्द्र दुबे, एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह, सीओ एलआईओ विजय कपिल, थाना सिकन्दरा प्रभारी राजेश कुमार पाण्डेय के साथ पुलिस बल व स्वॉट टीम के जवान मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मृतक का दाह संस्कार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications