यूपी: प्रेमी-प्रेमिका ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मरने से पहले भरी थी प्रेमिका की मांग
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के कोन थाना क्षेत्र में प्रेमी-प्रेमिका ने घर से कुछ दूरी पर बबूल के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भी लगाया था। रविवार की सुबह ग्रामीणों ने दोनों का पेड़ पर लटकटा हुआ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, कोन थाना क्षेत्र की पंचायत कचनरवा गांव के असनाबांध निवासी यशोदा उर्फ मन्डोला (18) पुत्री गोपी कहार और विद्यासागर (21) पुत्र अक्षयवर उरांव दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। थानाध्यक्ष अंजनी मिश्र के मुताबिक लड़की के परिवार वालों ने बताया कि उसकी शादी तय हो चुकी थी। 13 जून को लड़की की बारात आने वाली थी। थानाध्यक्ष के मुताबिक घटना स्थल पर ताजा सिंदूर भी मिला है। लड़की की मांग में और लड़के के हाथ में भी सिंदूर लगा हुआ था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना से पहले लड़के द्वारा लड़की की मांग में सिंदूर भी लगाया गया है। वहीं पेड़ की डाली पर भी सिंदूर लगा हुआ है। इससे यह जाहिर होता है कि दोनों ने आत्महत्या कर ली है।
रात भर दोनों ने मोबाइल से की बात
थानाध्यक्ष अश्वनी मिश्र ने बताया कि जांच में पता चला कि दोनों ने रात में कई बार एक दूसरे से मोबाइल फोन पर बात भी की है। भोर में 3.25 बजे तक दोनों की एक दूसरे से बात हुई है। थानाध्यक्ष अश्वनी मिश्र ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications