मिर्जापुर: आवारा कुत्तों के हमले में बछिया की मौत, सदमे से भाजपा नेता नहीं रहे!
मिर्जापुर। सीतापुर में तो आदमखोर कुत्तों ने अब तक 15 लोगों को मौत के घाट उतारने के साथ सैकड़ों लोगों को घायल किया है। आवारा कुत्तों का ये आतंक अब मिर्जापुर जिले में भी लोगों भयभीत कर रहा है। मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के बरेंव व गरौड़ी गांव में बीस घंटे के अंदर आवारा कुत्तों ने बारह ग्रामीणों व पचास पशुओं को काटकर जख्मी कर दिया। घायल व्यक्तियों का अहरौरा स्थित अस्पताल में उपचार कराया गया जबकि सूचना पर पहुंची पशु विभाग की टीम ने गांव में जख्मी पशुओं को सुई लगाया। कुत्तों के काटने की घटना से गांव के लोगों का खौफ व्याप्त हो गया है।

50 मवेशियों को काट कर किया जख्मी
अदलहाट थाना क्षेत्र के बरेंव गांव में शनिवार की रात आवारा कुत्तों ने पशुपालकों के पशुओं को काटकर जख्मी कर दिया। गांव प्यारेलाल, शिव कुमार, तेजू कनौजिया, नार सिंह, दिलीप, नेहरू, राजकुमार पांडेय, बाबूलाल, मुराहू, निराले लाल दीक्षित, पखंडू, बिंदू शंकर, राजेंद्र श्रीवास्तव, रामनाथ, विजयी, फनीफ आदि के पशुओं को काटकर जख्मी कर दिया। हद तो तब हो गई सुबह होते होते आवार कुत्तों ने बीस घंटे के अंदर बरेंव व गरौड़ी गांव के दस से अधिक लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। कुत्तों के काटने की घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। अवारा कुत्ते लोगों को काटकर भाग जा रहे हैं। अभी तक कुत्तों को पकड़ा नहीं जा सका है।
ये लोग कुत्तों के हमले में हुए जख्मी
बरेंव गांव निवासी 60 वर्षीय अतिउल्लाह सुबह शौच के लिए निकले थे। कुत्तों ने हमला कर जख्मी कर दिया। इसी प्रकार भोर में अपने घर के बाहर सोए 64 वर्षीय शंकर साव, 12 वर्षीय शुभम, 14 वर्षीय निरंजन, गरौड़ी गांव निवासी गुलाम रसूल, छोटक, जमालू, शोभन व भखंचू की पत्नी सहित बारह लोगों को जख्मी कर दिया।
बछिया की मौत के सदमे में भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत
अदलहाट थाना क्षेत्र के गरौड़ी गांव निवासी व भाजपा के बूथ अध्यक्ष मन्नू पटेल (48) की बछिया को पागल कुत्ते ने काट लिया था। उनकी बछिया की मौत हो गयी। जब इसकी जानकारी मन्नू पटेल को हुई तो अचानक उनकी तबियत खराब हो गयी और अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी।












Click it and Unblock the Notifications