हमीरपुर जिले में NH-34 पर भीषण सड़क हादसा, 8 लोगों की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख
लखनऊ, जून 22। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में एक पांच साल के बच्चे समेत 8 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि 7 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।

कहां हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा हमीरपुर में नेशनल हाइवे 34 पर मौदहा थानाक्षेत्र के मकरांव गांव के पास हुआ है। पुलिस के अधिकारियों ने बताया है कि एक पिकअप और एक ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें 8 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को कानपुर किया गया रेफर
हमीरपुर के डीएम चंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया है कि पिकअप और ऑटो में 15 लोग सवार थे जिसमें से 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 7 गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें से 3 कानपुर रेफर किया गया है।" मृतकों की पहचान इमिलिया गांव निवासी श्यामबाबू (55) पुत्र तिजवा, रागनी पुत्री श्याम बाबू निवासी इमिलिया, दीपांजली पुत्री श्याम बाबू निवासी इमिलिया, राजेश वर्मा पुत्र प्रहलाद निवासी इंगोहटा के रूप में हुई है। बाकि मृतकों की भी पहचान की जा रही है।
सीएम ने जताया दुख
हमीरपुर हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट किया है। सीएम कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस हादसे पर दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संत्पत परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications