सहारनपुर में धर्म परिवर्तन के लिए उकसा रहे 7 विदेशी नागरिक गिरफ्तार
सहारनपुर। धर्म परिवर्तन को लेकर विदेशियों द्वारा बडी मुहिम चलाई जा रही है। इसका खुलासा सहारनपुर के खुफिया विभाग ने किया है। धर्म परिवर्तन कराने वाले सात विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। यह सभी ईसाई धर्म का प्रचार प्रसार कर रहे थे और रात के अंधेरे में धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को उकसा रहे थे। पकड़े गए सभी नागरिकों से पूछताछ कर उनके देश भेजने की तैयारी यहां की पुलिस द्वारा की जा रही है।

बताया जाता है कि यहां के एक चर्च के फादर जोन वेस्ले ने पिछले दिनों इस तरह की शिकायत की थी कि कुछ विदेशी नागरिक यहां पर धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को उकसा रहे हैं। आरोप है कि इन विदेशी नागरिकों की टीम ने शहर के अलग अलग क्षेत्रों में गैर ईसाई परिवारों के बीच जाकर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया था। इस शिकायत के बाद सहारनपुर की एलआईयू और आईबी की टीमों ने इन लोगों का कई दिन तक पीछा किया। जांच में आरोपियों द्वारा रात में अलग अलग स्थानों पर सभाएं करने का मामला सामने आया।
बुधवार की देर शाम एक विदेशी युवक को पकड. लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रणवीर सिन्हा बताया। उसने बताया कि वह असम का रहने वाला है और फिलहाल वह पश्चिमी दिल्ली के रनहोला विलेज नांगलोई में रह रहा है। उसके पास से दिल्ली का ही आधार कार्ड प्राप्त हुआ है। उसने बताया कि उसके साथ करीब 12 विदेशी है, जिनमें कुछ दक्षिण कोरिया के और कुछ मलेशिया के हैं। रणवीर की सूचना पर जांच एजेंसियों की टीम ने सहारनपुर के नवीन नगर में शनिदेव मंदिर के पास स्थित एक मकान पर छापेमारी की और सात विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। इनमें पांच महिला और दो पुरूष हैं।
विभागीय पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी लोग साउथ कोरिया के रहने वाले हैं और यहां पर ईसाई धर्म का प्रचार प्रसार कर रहे हैं। पुलिस ने पकडे गए नागरिकों के नाम का खुलासा नहीं किया है। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि पकडे गए विदेशियों से पूछताछ की जा रही है। सात लोग हिरासत में लिए गए हैं। जिन पर ईसाई धर्म का प्रचार किए जाने का आरोप है। यह सभी टूरिस्ट विजा पर भारत आए थे। टूरिस्ट विजा पर आकर धर्म का प्रचार प्रसार नहीं किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications