अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचे छात्र, कॉलेज ने किया 60 को सस्पेंड
मऊ। यूपी के मऊ में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां डीएवी इंटरमीडिएट कॉलेज में संस्थान के संरक्षक के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होने पर 60 छात्रों को निलंबित कर दिया गया।

कॉलेज प्रशासन के इस फैसले को लेकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। जिले के डीएम ने मामले की जानकारी मिलते ही कॉलेज के प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।
अंतिम संस्कार में शामिल होने का था आदेश
सिटी मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय ने बताया कि बुधवार को डीएवी कॉलेज के संरक्षक और बिजनेसमैन रामचंद्र सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। कॉलेज प्रशासन ने सभी छात्रों को अंतिम संस्कार में शामिल होने का फरमान जारी किया था।
कॉलेज के कुछ छात्र अंतिम संस्कार में ना जाकर अपने-अपने घर निकल गए। गुरुवार को रक्षाबंधन की छुट्टी होने के कारण 60 छात्रों का यह समूह शुक्रवार को जब कॉलेज पहुंचा तो प्रिंसिपल ने उन्हें एक नोटिस थाम दिया।
कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठे छात्र
इस नोटिस में लिखा था कि संस्थान के संरक्षक के अंतिम संस्कार में शामिल ना होकर उन्होंने कॉलेज प्रशासन के आदेश का अवहेलना की है, जिसके लिए इन्हें निलंबित किया जाता है।
इस कार्रवाई के विरोध में नोटिस पाने वाले छात्र कॉलेज के बाहर धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मामले की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट व डीआईओएस मौके पर पहुंचे और छात्रों जांच कराकर मदद का भरोसा दिया।
मामले की जानकारी जब डीएम तक पहुंची तो उन्होंने इसकी प्रारंभिक जांच कराई और स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा। मामले को लेकर कॉलेज के प्रधानाचार्य से अभी तक बात नहीं हो पाई है।












Click it and Unblock the Notifications