UP News: कुशीनगर में आसमानी बिजली का कहर, 5 लोगों की मौत
Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविवार (17 सितंबर) को आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला, जिसकी चपेट में आकर 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक पांच साल का बच्चा भी शामिल है। आकाशीय बिजली गिरने की घटना रविवार दोपहर बारिश के दौरान की बताई जा रही है।
कुशीनगर जिलाधिकारी के अनुसार जिले में तीन विभिन्न स्थानों पर बिजली गिरने से 5 लोगों की जान चली गई। एक ग्रामीण गंभीर रूप से झुलसा भी है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने घटना को लेकर बताया कि तीन जगहों पर बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए सहायता राशि के रूप में दिए जा रहे हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। एक 5 साल के बच्चे की भी मृत्यु हुई है।
वहीं जिले में तीन जगह पर बिजली गिरने की घटना से हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को राहत राशि तत्काल दिए जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने इस आपदा से घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के भी निर्देश दिए हैं।
जिले में तीन जगह बिजली गिरने से हादसा
पहली घटना नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पचफेडा गांव की है, जहां खेत में गई गई सुभावती देवी (50), हसिबुन निशा (48),मंजू देवी (50) की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। दूसरा हादसा कप्तानगंज के विशुनपुरा गांव में हुआ। यहां छत पर बारिश में खेल रहे 5 वर्षीय एक बच्चे पर बिजली गिरी।
तीसरी घटना तरयासुजान थाना क्षेत्र के बांक खास की है। जहां घर लौट रहे दो युवकों पर बिजली गिरी। जिसमें से एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया।












Click it and Unblock the Notifications