UP News: सुल्तानपुर में घर की बालकनी से गिरे शख्स की मौत, हिरासत में पत्नी, जानें पूरा मामला?
UP Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले की कांशीराम कॉलोनी में शनिवार रात एक व्यक्ति की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय दिलशाद के रूप में हुई है। घटना को लेकर परिजनों ने उसकी पत्नी शन्नो पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पत्नी ने आत्महत्या का दावा किया है। पुलिस ने शन्नो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, दिलशाद अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रायबरेली-बांदा रोड स्थित अमहट की कांशीराम कॉलोनी में रहता था। कोतवाली थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था।

शनिवार की रात दोनों के बीच झगड़ा और हाथापाई हुई, जिसके बाद दिलशाद बालकनी से गिर गया। परिवार वालों ने उसे तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक तरफा आरोप या आत्महत्या?
दिलशाद की मां कुरैशा और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि शन्नो ने ही उसे धक्का दिया। उन्होंने कहा कि शन्नो पिछले कुछ वर्षों से "मोबाइल पर संदिग्ध बातचीत" करती थी, जिसको लेकर घर में रोजाना झगड़े होते थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि शन्नो पहले कई बार घर छोड़कर भाग चुकी थी और उसने दिलशाद पर हमला भी किया था।
वहीं शन्नो का कहना है कि उसका पति शराब के नशे में घर आया था और खाना खाने के बाद खुद ही बालकनी से कूद गया। उसने यह भी कहा कि घटना के वक्त वह अपने बच्चों के साथ कमरे में थी।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शन्नो से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications