रफ्तार का कहर: आमने-सामने की टक्कर में हुई बाइक सवार तीन लोगों की मौत
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में बाइकों की रफ्तार तीन युवकों की मौत की वजह बन गई। यहां दो बाइकों की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गम्भीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जें लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे की है। तेज रफ्तार से आ रही दो बाइक की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर लगते है बाइक सवार युवक उछलकर कई फीट दूर जा गिरे। जिसमें तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार मामा और भांजे राम नरेश और ब्रिज किशोर अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार के लिए खाना लेकर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई।

मामा और भांजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर सवार बलवीर की मौत हो गई। जबकि बलवीर का साथी नरेंद्र गम्भीर रूप से घायल हो गया। ये दोनों निगोही के रहने वाले है। बता दें कि गम्भीर रूप से घायल नरेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications