गुटके के चक्कर में 17 वर्षीय छात्रा ने दे दी जान, स्कूल बैग देख टीचर ने कहा- "अब स्कूल तब ही आना जब..."
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हैरान कर देने वाली दुखद घटना सामने आई है। यहां 11वीं की एक छात्रा ने गुटके के चक्कर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। हुआ ये कि स्कूल में टीचर ने छात्रा के बैग में एक गुटका पकड़ लिया, जिसके बाद उसके पिता को बुलाकर छात्रा को घर भेज दिया गया।
बता दें कि महोबा के कबरई थाना क्षेत्र का है। यहां के विवेक नगर मोहल्ले में रहने वाले अमित साहू किराना की दुकान चलाते हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी अंजली कन्या इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। छात्रा के पिता अनुसार, बुधवार को बेटी के स्कूल टीचर ने उन्हें कॉलेज बुलाया। दोपहर में जब अमित स्कूल पहुंचे तो टीचर ने बताया कि उनकी बेटी के बैग से गुटखे का पाउच मिला है। पूछताछ करने पर पता चला कि वह गुटखा खाती है।

पिता का कहना है कि इसके बाद टीचर ने उनकी बेटी को उनके सामने डांटा और कहा कि "इसको घर ले जाइए। अब इसे तभी स्कूल भेजना, जब ये गुटखा खाना छोड़ दे।" जिसके बाद पिता अपनी बेटी अंजलि को लेकर घर आ गए।
उन्होंने बताया कि अंजलि इस पूरे प्रकरण से बहुत शर्मिंदा और मायूस थी। इसलिए उन्होंने बेटी से कहा कि ऊपर कमरे जाओ और आराम से बैठो। वो ऊपर चली भी गई। लेकिन जब कुछ देर बाद वो ऊपर गए, तो कमरा बंद था। आवाज लगाई तो कोई रिस्पॉन्स नहीं आया। इसके बाद जब खिड़की से झांक कर देखा, तो बेटी फंदे से झूल रही थी।
यह नजारा देख घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने धक्का देकर दरवाजा तोड़ा और बेटी को फंदे से उतारा। अंजलि को फ़ौरन परिवारजन अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल परिवार इस सदमे में है कि सिर्फ गुटखा के चलते उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली या फिर बात कुछ और है। कबरई थाना प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि लड़की ने आत्महत्या की है। सटीक वजह ज्ञात नहीं है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications