हत्या और रेप का आरोपी 32 साल से था फरार, पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार
उन्नाव। 32 साल से फरार चल रहे आरोपित साधु को उन्नाव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी ने बताया कि सन् 1982 में शेष नारायण उम्रकैद की सजा होने के बाद से फरार था, जिसे शनिवार को सोनिक मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया है। बताया कि आरोपित साधु वेश में अलग-अलग जिलों में रहकर कथा वाचन का काम करता रहा। उसपर उन्नाव में हत्या के मामले के साथ कानपुर के बर्रा थाना में भी उसके खिलाफ युवती के अपहरण व दुष्कर्म का मामला दर्ज है।

एएसपी विनोद कुमार पांडेय ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि अजगैन थाना क्षेत्र के गांव धीरखेड़ा निवासी शेष नारायण सहित 10 लोगों ने सन् 1982 में गांव निवासी बाबूसिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद सभी की जमानत हुई और फिर मुकदमा चला। कोर्ट ने सन 1984 में सभी आरोपितों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। सजा होने की जानकारी मिलने पर शेष नारायण गांव छोड़कर फरार हो गया और अलग-अलग जिलों में साधु वेश में रहकर कथा वाचन का काम करने लगा।
एएसपी ने बताया कि उसके खिलाफ कानपुर के बर्रा थाना में भी सन 2013 में एक युवती के अपहरण व दुष्कर्म का भी मुकदमा दर्ज है। दोनों मामलों में फरार चल रहे आरोपित को अजगैन पुलिस ने शनिवार को सोनिक क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। बताया कि मामले में 10 लोग आरोपी थे जिनमें से आठ की मौत हो चुकी है, जबकि एक जेल में बंद है। एएसपी ने बताया कि आरोपी मध्य प्रदेश के दतिया स्थित पीतांबरा पीठ का सेवादार बनकर साधुवेश में रह रहा था। उसने उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के कई जिलों में पूजा पाठ के जरिए अपने हजारों अनुयायी भी बना रखे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
